![]()
अमृतसर में कांग्रेस की अंदरूनी कलह एक बार फिर खुलकर सामने आती दिखाई दे रही है। शहर के पॉश इलाके लॉरेंस रोड स्थित कंपनी बाग, जहां हर सुबह बड़ी संख्या में लोग सैर करने पहुंचते हैं, वहां कांग्रेस के पंजाब चुनाव से पहले पूर्व CM व जालंधर सांसद चरणजीत चन्नी के खिलाफ विवादित पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों को लेकर शहर में राजनीतिक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। बताया जा रहा है कि ये पोस्टर अमृतसर के कुछ कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए हैं, जिन्हें पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष प्रदेश प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग के करीबी समर्थक बताया जा रहा है। एक पोस्टर पर साफ शब्दों में लिखा है, घर-घर दे विच चली गल, चन्नी चल्या भाजपा वल, वहीं दूसरे पोस्टर में लिखा गया है, राहुल गांधी से कांग्रेसियों की एक ही पुकार, चन्नी को कांग्रेस से करो बाहर। तीसरे पोस्टर में लिखा दिखाई दे रहा है, “चन्नी जी, आपने भाजपा की क्यों मानी जी? सामने आओ चन्नी जी।” इन पोस्टरों के जरिए सीधे तौर पर पूर्व मुख्यमंत्री पर निशाना साधा गया है। सुबह सैर करने पहुंचे लोगों की नजर जैसे ही इन पोस्टरों पर पड़ी, उन्होंने इन्हें पढ़ना शुरू कर दिया। कुछ लोगों ने इनके फोटो और वीडियो भी बनाए, जिसके बाद यह मामला चर्चा का विषय बन गया।हालांकि, इन पोस्टरों को लेकर अभी तक कांग्रेस पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं यह भी स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पोस्टर लगाने वालों की पहचान क्या है। लेकिन पोस्टरों की भाषा और संदेश ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और मतभेदों को एक बार फिर सार्वजनिक कर दिया है। फिलहाल, इन पोस्टरों ने पंजाब कांग्रेस की आंतरिक राजनीति को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इस तरह की घटनाएं यह संकेत देती हैं कि पार्टी के भीतर का विवाद खत्म नहीं हुआ है और अंदरूनी खींचतान लगातार जारी है।
Source link
अमृतसर में पूर्व CM के खिलाफ पोस्टर लगे:लिखा घर-घर दे विच चली गल, चन्नी चल्या भाजपा वल
