Headlines

उज्जैन में 6 साल से एक पैर पर तपस्या:महाकाल लोक में रोज 3 घंटे जाप करते हैं राहुल; बोले- देवों ने सपने में दिया था आदेश




उज्जैन में श्रावण मास के दौरान बाबा महाकाल के दर्शन के लिए लाखों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। इसी बीच महाकाल लोक क्षेत्र में खंडवा जिले के 37 वर्षीय तपस्वी राहुल की अनोखी साधना चर्चा का विषय बनी हुई है। राहुल पिछले छह वर्षों से प्रतिदिन सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक लगातार तीन घंटे एक पैर पर खड़े होकर शिव जाप करते हैं। सपने में मिले आदेश के बाद शुरू की साधना राहुल के अनुसार, उन्होंने छह वर्ष पूर्व सामान्य रूप से ‘ॐ नमः शिवाय’ और अन्य देवी-देवताओं का जाप शुरू किया था। इसी दौरान उन्हें स्वप्न में भगवान ब्रह्मा, विष्णु, महादेव और माता पार्वती के दर्शन हुए। उन्होंने बताया, “देवताओं ने मुझे जनकल्याण के लिए प्रतिदिन तीन घंटे एक पैर पर खड़े होकर जाप करने का आदेश दिया था।” इसके बाद से उन्होंने इस तपस्या को अपने जीवन का संकल्प बना लिया। विश्व कल्याण उद्देश्य, मौनी तीर्थ में निवास राहुल का कहना है कि उनकी यह साधना केवल श्रावण मास तक सीमित नहीं है। देश में जहां भी भागवत कथा या अन्य आध्यात्मिक कार्यक्रम होते हैं, वे वहां पहुंचकर इसी प्रकार जाप करते हैं। उनका उद्देश्य व्यक्तिगत लाभ के बजाय समाज और विश्व का कल्याण करना है। उज्जैन में उनके रहने की व्यवस्था मौनी तीर्थ बाबा आश्रम में संत डॉ. सुमन गिरी महाराज के सान्निध्य में की गई है। राहुल ने कहा कि जब तक जीवन रहेगा, वे यह तपस्या जारी रखेंगे। व्यापारियों ने की पुष्टि, मंदिर समिति से मांगी अनुमति महाकाल लोक क्षेत्र के स्थानीय व्यापारियों ने भी राहुल की साधना की पुष्टि की है। एक दुकानदार ने बताया कि वह पिछले कई दिनों से राहुल को रोजाना तय समय पर आते और लगातार तीन घंटे एक पैर पर खड़े होकर जाप करते देख रहा है। राहुल ने महाकाल मंदिर समिति से अपील की है कि उन्हें यह तपस्या महाकाल परिसर में करने की अनुमति दी जाए, ताकि शिव भक्त आसानी से इसके दर्शन कर सकें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *