![]()
सुबह के 7 बज रहे हैं। जयपुर के आलीशान हेरिटेज होटल का बॉलरूम किसी अंडरग्राउंड इंटरनेशनल नाइटक्लब में बदल चुका है। डीजे कॉन्सोल के ठीक पीछे लेजर और एलईडी लाइट्स के बीच दूल्हा-दुल्हन थिरक रहे हैं और उनके साथ लगभग 100 मेहमान भी नाच रहे हैं। यह किसी मशहूर पब का दृश्य नहीं, बल्कि शादी की ‘आफ्टर-पार्टी’ है। भारतीय शादियों की भव्यता अब सिर्फ फेरों, मेहंदी या संगीत तक सीमित नहीं रही। कभी शादी का जश्न खत्म होने के बाद मेहमान लाउंज में आराम किया करते थे, पर अब यह ट्रेंड बदल चुका है। आधुनिक भारतीय जोड़े अपनी शादी के बाद ऐसी ‘आफ्टर-पार्टी’ रख रहे हैं जो अंतरराष्ट्रीय म्यूजिक फेस्टिवल या क्लब से कम नहीं होतीं। दुबई में रहने वाले 30 वर्षीय उद्यमी सिद्धांत सिद्धवानी और 28 वर्षीया कनक कपाड़िया ने जयपुर में शादी के आखिरी पड़ाव को यादगार क्लब नाइट में बदल दिया। उन्होंने वैश्विक स्तर पर मशहूर ‘बॉइलर रूम’ थीम पर पार्टी रखी, जहां डीजे भीड़ के बीचोबीच होता है और 360-डिग्री लाइट सेटअप में लोग नाचते हैं। कनक ने बताया,‘हमारे कई दोस्त सिर्फ एक या दो घंटे रुकने का सोचकर आए थे, पर सुबह 9 बजे तक हमारे साथ थिरकते रहे।’ इवेंट प्लानर सान्या शर्मा कहती हैं,‘आजकल जोड़े प्राइवेट कॉन्सर्ट और ‘बर्निंग मैन’, स्पेस डिस्को और ट्रॉपिकल पूल जैसी थीम पर खर्च कर रहे हैं। उद्देश्य विदेश यात्राओं के अनुभवों को शादी में शामिल करना और माहौल यादगार बनाना है। इस ट्रेंड की सबसे बड़ी चुनौती हर उम्र के मेहमानों को जोड़े रखना है। वेडिंग डीजे अर्जुन शाह के अनुसार, शादियों में इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक और एफ्रो-हाउस को बॉलीवुड के पुराने हिट्स व इंटरनेशनल पॉप के साथ मिलाकर ऐसा माहौल बनाया जाता है जो सभी को पसंद आए। उदयपुर के फेयरमोंट पैलेस में हुई शादी में दुल्हन डॉ. अलीशा साधवानी ने बताया कि उनकी आंटी भी डीजे बूथ पर चढ़कर डांस करने लगीं। माहौल इतना शानदार हो गया था कि हर कोई रम गया। 12 लाख से 40 लाख रु. तक खर्च, टिकट से मेहमानों की एंट्री वेडिंग प्लानर्स के अनुसार,‘बॉइलर रूम’ थीम का सेटअप 4 लाख रुपए से शुरू होता है, जबकि प्रीमियम ड्रिंक्स, विदेशी डीजे और लेजर प्रोडक्शन जोड़ने पर बजट 12 से 40 लाख रुपए या ज्यादा हो सकता है। खासकर दुबई, हांगकांग व अमेरिका में रहने वाले एनआरआई जोड़े उदयपुर, जयपुर, गोवा और मुंबई की डेस्टिनेशन वेडिंग्स में ऐसे प्रयोग कर रहे हैं। हांगकांग के अनुष्का व मोनीश सबनानी ने मुंबई के ताज पैलेस में ‘बॉम्बे बॉइलर’ पार्टी रखी, जिसमें मेहमानों को एंट्री के लिए टिकट दिए गए थे।
Source link
शादी के बाद जश्न, विदेश की तर्ज पर थीम पार्टी:बॉलीवुड हिट्स और इंटरनेशनल पॉप का फ्यूजन; दूल्हा-दुल्हन संग रात भर थिरक रहे मेहमान
