Headlines

सुजानपुर को मिली 33 केवी उप-स्टेशन की सौगात:CM सुक्खू ने किया वर्चुअल लोकार्पण, 16 पंचायतों को मिलेगा बेहतर बिजली आपूर्ति का लाभ




शिमला से मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र के पटलांदर (आंसला) स्थित नव निर्मित 33 केवी विद्युत उप-स्टेशन का वर्चुअल माध्यम से लोकार्पण किया। इस अवसर पर सुजानपुर के विधायक कैप्टन रणजीत सिंह उपस्थित रहे। विधायक कैप्टन रणजीत सिंह ने इसे सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की 16 पंचायतों के लिए एक ऐतिहासिक सौगात बताया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से क्षेत्र के लोग लो-वोल्टेज, बार-बार बिजली कटौती और बढ़ते विद्युत भार जैसी समस्याओं का सामना कर रहे थे। इस उप-स्टेशन के शुरू होने से बिजली व्यवस्था अधिक मजबूत, सुचारु और विश्वसनीय होगी, जिससे हजारों उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। ‘विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय रोकने का प्रयास किया गया’ इस दौरान विधायक ने पूर्व विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले 33 केवी उप-स्टेशन को ऐसी जगह बनाने की योजना थी, जहां इसका निर्माण संभव ही नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के बजाय रोकने का प्रयास किया गया। कैप्टन रणजीत सिंह ने कहा कि उनके निरंतर प्रयासों और मुख्यमंत्री के सकारात्मक निर्णयों के कारण ही यह परियोजना आज धरातल पर उतर पाई है। ‘विकास कार्यों में देरी न हो, इसलिए वर्चुअल लोकार्पण किया’ मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने वर्चुअल माध्यम से क्षेत्रवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं कार्यक्रम में उपस्थित होकर लोकार्पण करना चाहते थे, लेकिन अपरिहार्य कारणों से नहीं आ सके। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी न हो, इसलिए वे शिमला से ही विभिन्न परियोजनाओं का वर्चुअल लोकार्पण कर रहे हैं। सीएम ने क्षेत्रवासियों से संवाद भी किया कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने वर्चुअल माध्यम से क्षेत्रवासियों से संवाद भी किया। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे अपनी समस्याओं को विधायक के माध्यम से सरकार तक पहुंचाएं, ताकि उनका समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *