Headlines

वनकर्मियों को बंधक बनाकर मारपीट, सरकारी काम में बाधा:लातेहार में 29 नामजद और कई अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज




लातेहार जिले के बारियातू थाना में 29 नामजद और 10 से 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। इन पर सरकारी वन भूमि पर पौधारोपण कार्य में बाधा डालने, वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों से मारपीट करने और फॉरेस्टर आनंद कुमार चौधरी को करीब तीन घंटे तक बंधक बनाने का आरोप है। यह प्राथमिकी बालूमाथ वन क्षेत्र के प्रधान वनरक्षी सह प्रभारी वनपाल आनंद कुमार चौधरी के लिखित आवेदन पर दर्ज की गई है। वन प्रमंडल लातेहार के निर्देश पर ग्राम रोन्हे की सरकारी वन भूमि पर ग्रामसभा की सहमति से पौधारोपण कार्य चल रहा था। इसके लिए गड्ढे, कंटूर और ट्रेंच निर्माण का कार्य पहले ही पूरा कर लिया गया था। आरोप है कि नामजद और अन्य अज्ञात लोगों ने इस वनरोपण कार्य का विरोध किया। उन्होंने मजदूरों को काम करने से रोका और तैयार गड्ढों व ट्रेंच को भर दिया। इसके बाद सरकारी वन भूमि पर हल चलाकर जुताई शुरू कर दी। जब वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने इसका विरोध किया, तो आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज, धक्का-मुक्की और मारपीट की। उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस दौरान वन विभाग की टीम को लगभग तीन घंटे तक बंधक बनाकर रखा गया। फॉरेस्टर चौधरी ने आरोप लगाया है कि इस दौरान उनका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास भी किया गया और उनके साथ मारपीट की गई। बारियातू थाना प्रभारी रंजन कुमार पासवान ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि थाना संख्या 42/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने बताया कि वन विभाग ने इस मामले में 29 लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है, जबकि 10 से 20 अज्ञात लोगों के विरुद्ध भी मामला दर्ज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *