![]()
चंडीगढ़ प्रशासन ने खेल सुविधाओं को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विकसित करने और शहर की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 2 महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्रशासनिक और वित्तीय मंजूरी दे दी है। चीफ सेक्रेटरी एच. राजेश प्रसाद की अध्यक्षता में हुई अप्रैजल कमेटी की बैठक में करीब 28.87 करोड़ रुपए की लागत वाले इन दोनों प्रोजेक्ट्स को स्वीकृति दी गई। बैठक में वित्त सचिव दिप्रावा लाकड़ा, इंजीनियरिंग सचिव प्रेरणा पुरी, खेल निदेशक सौरभ कुमार अरोड़ा, मुख्य अभियंता सी.बी. ओझा और मुख्य वास्तुकार राजीव मेहता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में दोनों परियोजनाओं के तकनीकी और वित्तीय पहलुओं पर चर्चा के बाद मंजूरी प्रदान की गई। सेक्टर-7 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स होगा अपग्रेड करीब 22.93 करोड़ रुपए की लागत से सेक्टर-7 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का आधुनिकीकरण किया जाएगा। वर्ष 2027 में प्रस्तावित एशियन रिले चैंपियनशिप और अन्य राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय एथलेटिक्स प्रतियोगिताओं की मेजबानी को ध्यान में रखते हुए यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। परियोजना के तहत 3,400 दर्शकों की क्षमता वाली आधुनिक बैठने की व्यवस्था और टेन्साइल कैनोपी बनाई जाएगी। एथलीटों, तकनीकी अधिकारियों, मीडिया और वीवीआईपी के लिए पैवेलियन का विस्तार और नवीनीकरण भी किया जाएगा। इसके अलावा मैदान में 35 मीटर ऊंचे चार हाईमास्ट पोल लगाए जाएंगे, जिन पर अंतरराष्ट्रीय प्रसारण मानकों के अनुरूप हाई-टेक एलईडी स्पोर्ट्स फ्लड लाइट्स स्थापित की जाएंगी। 15 नए स्थायी सिक्योरिटी चेक पोस्ट बनेंगे शहर की सीमाओं पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 15 स्थायी सिक्योरिटी चेक पोस्ट भी बनाए जाएंगे। प्रशासन के अनुसार, सीआरपीएफ, चंडीगढ़ पुलिस, अर्बन प्लानिंग और इंजीनियरिंग विभाग के संयुक्त निरीक्षण के बाद इन चेक पोस्टों के निर्माण का निर्णय लिया गया है। इन आरसीसी चेक पोस्टों में कंट्रोल रूम, रिकॉर्ड रूम, सुरक्षा कर्मियों के लिए बैरक एवं विश्राम कक्ष, पैंट्री और शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे सीमावर्ती क्षेत्रों में चौबीसों घंटे निगरानी रखने और सुरक्षा कर्मियों को बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। समय पर काम पूरा करने के निर्देश चीफ सेक्रेटरी एच. राजेश प्रसाद ने इंजीनियरिंग विभाग को दोनों परियोजनाओं का निर्माण निर्धारित समय सीमा के भीतर और गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से एक ओर चंडीगढ़ की खेल सुविधाएं अंतरराष्ट्रीय स्तर की होंगी, वहीं दूसरी ओर शहर की सुरक्षा व्यवस्था भी और अधिक मजबूत होगी।
Source link
चंडीगढ़ को मिले 2 बड़े प्रोजेक्ट:28.87 करोड़ के विकास कार्यों को मंजूरी; अंतरराष्ट्रीय स्तर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स बनेगा
