![]()
वाराणसी मानसून की बारिश के दौरान सुसवाही क्षेत्र में चल रहे एक अपार्टमेंट के निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में दो मकान के हिस्से गिरने से हड़कंप मच गया। गनीमत ये रही की इस पूरी घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। सूचना पर मौके पर पुलिस पहुंची और निर्माण कार्य में लगे तीन लोगों को हिरासत में लेकर थाने ले आयी थी। आधी रात के बाद हुए हादसे से हड़कंप की स्थिति बनी रही। 40 फुट खोदकर बन रहा अपार्टमेंट, भरा था पानी स्थानीय निवासी बृजेश राय के मकान का गेट और दीवार का हिस्सा इस अपार्टमेंट के बेसमेंट के लिए खोदे गए गड्ढे में समा गया। बृजेश ने बताया – पिछले चार महीने से यहां शिवोहम नाम से अपार्टमेंट बनने का काम चल रहा है। बेसमेंट के लिए 40 फुट का गड्ढा खोदा गया है। जिसमें बारिश के बाद पानी भरा हुआ है। लेकिन उसके बावजूद काम जारी है। रात 1 बजे अचानक ढह गयी दीवार और गेट बृजेश ने बताया – गुरुवार की रात 1 बजे के आस-पास अचानक से हमारे मकान का गेट और दीवार का एक हिस्सा भरभराकर गड्ढे की तरफ गिर गया। हम आवाज सुनकर बाहर निकले तब तक पड़ोसी मायशांकर के मकान की एक दीवार भी गिर चुकी थी। पूरा परिवार हमारा भयभीत है। हमने फ़ौरन डॉयल-112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी जिसपर पुलिस मौके पर आयी थी। तीन हिरासत में मौके पर पहुंचे लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा ने बताया – सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। यहां मुआयने के बाद अपार्टमेंट के निर्माण कार्य में लगे तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बताया गया की स्थानीय लोग इस बेसमेंट का पहले भी विरोध कर चुके हैं। जिसकी जांच की जा रही है।
Source link
अपार्टमेंट की खुदाई से दो मकान के हिस्से गिरे:तीन हिरासत में, एक रिहायशी और एक बंद मकानों को हुआ नुकसान
