![]()
बॉलीवुड एक्टर सलमान खान ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए NGO ग्लोबल सिख्स के साथ हाथ मिलाया है। रिपोर्ट के मुताबिक, सलमान ने बाढ़ से बेघर हुए लोगों के लिए 500 सेमी-पर्मानेंट घर बनवाने का फैसला लिया है। सलमान की संस्था बीइंग ह्यूमन इससे पहले भी बाढ़ प्रभावित इलाकों में जरूरतमंदों तक भोजन और राहत सामग्री पहुंचाने में सहयोग कर चुकी है। अब राहत अभियान के दूसरे चरण में प्रभावित परिवारों के स्थायी पुनर्वास पर फोकस किया जा रहा है। अब तक 220 सेमी-पर्मानेंट घर तैयार मिड-डे की रिपोर्ट के अनुसार, असम के सबसे अधिक प्रभावित इलाकों में शामिल शिवसागर जिले के नेपाली खुटी गांव में अब तक करीब 220 सेमी-पर्मानेंट घर बनाए जा चुके हैं। ये घर बांस और टिन की छत से तैयार किए जा रहे हैं, जिन्हें बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर डिजाइन किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, पुनर्वास की योजना पहले से ही NGO के राहत अभियान का हिस्सा थी। हालांकि, जब सलमान खान ने अभिनेता रणदीप हुड्डा को मौके पर राहत कार्य करते देखा, तो उन्होंने इस अभियान से जुड़ने का फैसला किया। एक घर की लागत 35 से 40 हजार रुपए रिपोर्ट में सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि रणदीप हुड्डा ने सलमान को ग्लोबल सिख्स के राहत अभियान की जानकारी दी, जिसमें करीब 70 स्वयंसेवक काम कर रहे हैं। इसके बाद संस्था के संस्थापक अमरप्रीत सिंह ने सलमान को बताया कि प्रत्येक सेमी-पर्मानेंट घर बनाने में 35 हजार से 40 हजार रुपए का खर्च आता है। इसके बाद सलमान खान ने संस्था के साथ मिलकर 500 घरों के निर्माण का फैसला लिया। अमरप्रीत सिंह बोले- सलमान ने कहा, ‘आप लोग चिंता मत करो’ राहत अभियान को लेकर अमरप्रीत सिंह ने मिड-डे से बातचीत में कहा,
“सलमान खान ने कुछ दिन पहले हमसे बात की थी और कहा- आप लोग चिंता मत करो। 220 घर तैयार हो चुके हैं और इन्हें प्रभावित परिवारों को सौंपा जा रहा है। हमारी टीम एक दिन में आठ से दस घर बना सकती है।” रणदीप हुड्डा बोले- मानवता सबसे ऊपर वहीं, अभिनेता रणदीप हुड्डा भी लगातार राहत कार्यों में सक्रिय हैं। उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि शिवसागर रेलवे स्टेशन और आसपास के इलाकों में बड़ी संख्या में बाढ़ प्रभावित परिवार शरण लिए हुए हैं। रणदीप ने कहा, “हम पिछले सात दिनों से लगातार प्रभावित लोगों के लिए खाना तैयार कर रहे हैं और उन्हें पहुंचा रहे हैं। मानवता सबसे ऊपर है। मैं कई सालों से ग्लोबल सिख्स के साथ काम कर रहा हूं और उन्होंने जमीनी स्तर पर शानदार काम किया है। मैं सभी लोगों से अपील करूंगा कि वे अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की मदद करें। जहां भी कोई संकट हो, वहां लोगों की सहायता करना हमारा कर्तव्य है।”
बॉलीवुड सेलेब्स ने की मदद की अपील बॉलीवुड सेलेब्स एक बार फिर 2026 में असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए आगे आए हैं। एक्ट्रेस आलिया भट्ट, भूमि पेडनेकर, सिंगर गुरु रंधावा और एक्ट्रेस राशि खन्ना ने लोगों से बाढ़ पीड़ितों की सहायता करने की अपील की है। आलिया भट्ट ने सोशल मीडिया से लिखा था, इस समय हमारे देश के कई हिस्से भीषण बाढ़ की चपेट में हैं। इनमें असम सबसे अधिक प्रभावित राज्यों में से एक है, जो बेहद कठिन दौर से गुजर रहा है। 60 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है। यह हर साल होता है, फिर भी हर बार हम इसके लिए तैयार नहीं होते। असम को इस समय तुरंत मदद की जरूरत है और आने वाले लंबे समय तक पुनर्वास के लिए भी लगातार सहयोग की आवश्यकता होगी। अगर आप सोच रहे हैं कि आप किस तरह मदद कर सकते हैं, तो अगले कुछ दिनों में मैं उन तरीकों को साझा करूंगी जिनके जरिए हम जमीनी स्तर पर काम कर रहे संगठनों के माध्यम से राहत कार्यों में सहयोग कर सकते हैं।
Source link
असम बाढ़ पीड़ितों की मदद कर रहे हैं सलमान खान:500 लोगों के लिए सेमी पर्मानेंट घर बनवाएंगे, एक्टर रणदीप हुड्डा भी राहत कार्य में लगे
