![]()
अंबिकापुर में 63 साल पहले मर चुके भू स्वामि को जिंदा बताकर करोड़ों रुपये के जमीन की फर्जी रजिस्ट्री कर दी गई। मामले में भाजपा पार्षद की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। मामले में तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के मुताबिक, अंबिकापुर के मां महामाया मंदिर के पास घुटरापारा में स्थित खसरा नंबर 356/2 की 0.065 हेक्टेयर भूमि नोहर साय राजवाड़े के नाम पर दर्ज थी। नोहर साय की मृत्यु 63 वर्ष पूर्व 1962 में हो चुकी है। उक्त 16 डिसमिल जमीन की रजिस्ट्री 25 सितंबर 2025 को रामनिवास गुप्ता एवं एक अन्य महिला के नाम कर दी गई। जमीन करीब दो करोड़ रुपये कीमती है। भाजपा पार्षद की शिकायत पर हुई जांच मामले की लिखित शिकायत भाजपा पार्षद आलोक दुबे ने की थी। पुलिस ने शिकायत पर जांच की तो पता चला कि उक्त जमीन का सौदा सरगना बंटी पटेल ने कराया था। क्रेता रामनिवास गुप्ता ने जांच के दौरान बताया कि उक्त भूमि का सौदा बंटी पटेल उर्फ वर्षित पटेल द्वारा कराया गया था। विक्रय विलेख में अंकित चेक नंबर केवल रजिस्ट्री में दर्शाने के लिए लिखवाए गए थे। रजिस्ट्री के समय स्वयं को मोहरसाय रजवाडे बताने वाला व्यक्ति वास्तविक मोहरसाय राजवाड़े नहीं था। उसका फर्जी आधार कार्ड मैनपाट में तैयार किया गया था। कूटरचित आधार कार्ड का उपयोग पंजीयन कार्यालय में पहचान पत्र के रूप में प्रस्तुत कर यह रजिस्ट्री की गई। बाद में उक्त भूमि को 30 लाख रुपये में मोहम्मद नियाजुल होदा, गुलाम सरवर एवं विशाल गुप्ता को बेच दिया गया। इसमें कुछ राशि रामनिवास गुप्ता एवं महिलाओं को दी गई। पांच के खिलाफ एफआईआर दर्ज, तीन गिरफ्तार
मामले में कोतवाली पुलिस ने बंटी पटेल, रामनिवास गुप्ता सहित पांच आरोपियों के खिलाफ धारा 61 (2), 318(4), 336(3), 338, 340 (2) के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस ने रमानिवास गुप्ता सहित दो महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है।
मामले का मुख्य आरोपी बंटी पटेल पहले ही रेप के आरोप में गिरफ्तार किया गया था, जो जेल में है।
300 से अधिक प्रकरणों में फर्जीबाड़ा
भाजपा पार्षद आलोक दुबे ने बताया कि अंबिकापुर के नवागढ़, श्रीगढ़, कांतिप्रकाशपुर, लालमाटी व दरिमा रोड में सैकड़ों एकड़ जमीनों के राजस्व रिकार्ड में कूटरचना की गई है। रिकार्ड रूम के कर्मियों की सांठगांठ से अधिकार अभिलेख 1954-55 में छेड़छाड़ कर करोड़ों रुपये के जमीनों की बंदरबांट की गई है। मामले में कलक्टर सरगुजा से जांच की मांग भी की गई है।
Source link
63 साल पूर्व मृत व्यक्ति को जिंदा बता जमीन रजिस्ट्री:भाजपा पार्षद की शिकायत पर पांच के खिलाफ FIR दर्ज, तीन गिरफ्तार
