![]()
भागलपुर के नवगछिया नगर परिषद के सफाईकर्मियों और वाहन चालकों ने शुक्रवार को प्रदर्शन किया। ईपीएफ की बकाया राशि जमा नहीं किए जाने और मजदूरी भुगतान में अनियमितता के विरोध में अधिकारियों को आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से आउटसोर्सिंग एजेंसी और संबंधित कार्यालय की लापरवाही के कारण उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। समय रहते डिमांड पूरी नहीं होने पर उन्होंने काम बंद कर मुख्यालय का घेराव करने की चेतावनी दी है। गुहार लगाने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ सफाईकर्मी अजगर ने बताया कि इस संबंध में सबसे पहले 28 जनवरी 2026 को आवेदन दिया गया था। इसके बाद 2 फरवरी और 13 मई 2026 को आउटसोर्सिंग एजेंसी के साथ समझौता भी हुआ, लेकिन समझौते के बावजूद भी कर्मचारियों के ईपीएफ की बकाया राशि जमा नहीं कराई गई। कई बार अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद भी सिर्फ आश्वासन मिला। समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ। ईपीएफ का पैसा जमा नहीं कराने का आरोप कर्मचारी वरुण मेहतर ने बताया कि वर्ष 2011 से 2019 तक ईपीएफ जमा करने में कई तरह की त्रुटियां हुई हैं। जनवरी 2022 से जून 2026 तक करीब 46 माह का ईपीएफ भी आउटसोर्सिंग एजेंसी द्वारा जमा नहीं कराया गया है। इससे कर्मचारियों के भविष्य की सामाजिक सुरक्षा प्रभावित हो रही है। ‘परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है’ कर्मचारी प्रदीप कुमार ने बताया कि पिछले माह से कई सफाई मजदूरों को सही तरीके से भुगतान भी नहीं किया जा रहा है। कम मजदूरी मिलने से कर्मचारियों के समक्ष आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। प्रदर्शनकारियों ने उग्र आंदोलन की चेतावनी दी प्रदर्शन में शामिल कर्मचारियों ने आवेदन देकर मांग की है कि लंबित ईपीएफ राशि तत्काल जमा कराई जाए। सभी कर्मियों को उनकी उपस्थिति के अनुसार बकाया मजदूरी का भुगतान किया जाए। अगर निर्धारित समय के भीतर उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो सभी सफाईकर्मी और चालक सामूहिक रूप से काम बंद कर मुख्यालय का घेराव करेंगे। अधिकारियों को सौंप गए आवेदन पर अजगर, वरुण मेहतर, प्रदीप कुमार, मो. शरीफ, अमर कुमार, प्रमोद कुमार, धर्मेंद्र, राजा हरिजन, सोनू हरि, बाबूल आलम, संदीप कुमार, रवि मेहतर समेत अन्य कर्मचारियों के हस्ताक्षर हैं।
Source link
भागलपुर- नवगछिया नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन:आउटसोर्सिंग एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी; कहा- कम पेमेंट में घर चलाना मुश्किल हो रहा है
