![]()
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में पधर उपमंडल की चौहारघाटी के पालाखुंडी गांव में शुक्रवार दोपहर भीषण आग लगने से एक तीन मंजिला रिहायशी मकान पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना के समय परिवार के सदस्य खेतों में काम कर रहे थे और मवेशियों को चराने गए हुए थे। जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत वरधाण के सुखदेव पुत्र चंदू राम के मकान से धुआं उठता देख ग्रामीणों ने तुरंत सूचना दी। उन्होंने आग बुझाने का प्रयास भी किया, लेकिन तेज लपटों के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका और देखते ही देखते पूरा मकान जलकर राख हो गया। हादसे में घर में रखा अनाज, कपड़े, बर्तन, नगदी, जेवरात और अन्य घरेलू सामान भी आग की भेंट चढ़ गया। परिवार के पास अब पहनने के कपड़ों के अलावा कुछ भी नहीं बचा है। अपने स्तर पर बुझाने का किया प्रयास पालाखुंडी गांव सड़क सुविधा से वंचित है। जिसके कारण अग्निशमन विभाग की टीम मौके तक नहीं पहुंच सकी। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन संसाधनों के अभाव में आग पर काबू पाना संभव नहीं हुआ।मकान की ऊपरी मंजिल पर स्थित रसोईघर में जल रहे चूल्हे से निकली चिंगारी तेज हवा के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच पूरी होने के बाद ही होगा। प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची घटना की सूचना मिलने पर हल्का पटवारी हीरा लाल और प्रशासनिक टीम ने मौके का निरीक्षण किया। प्रारंभिक आकलन में करीब 10 लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया गया है। एसडीएम पधर सुरजीत सिंह ने बताया कि प्रभावित परिवार को तत्काल 10 हजार रुपए की फौरी राहत और एक तिरपाल उपलब्ध कराया गया है। नियमानुसार अन्य सहायता भी प्रदान की जाएगी। पधर पुलिस ने मामला दर्ज कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
Source link
मंडी के पालाखुंडी में तीन मंजिला मकान जलकर राख:खेतों में गया था परिवार, सड़क नहीं होने से पहुंच पाई फायर ब्रिगेड
