Headlines

मनसाही के नदी घाट से मिला युवक का शव:तीन दिन पहले हुआ था लापता, पत्नी पर हत्या करवाने का आरोप; मामले में दो गिरफ्तार




कटिहार जिले के मनसाही थाना क्षेत्र के मलकाईन घाट से एक व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नवगछिया, भागलपुर निवासी 42 वर्षीय उमेश शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों ने उमेश की पत्नी अनीता देवी और उसके कथित प्रेमी पंकज शर्मा पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया है। मृतक के पिता ने 5 अगस्त को नवगछिया रेलवे स्टेशन से उमेश शर्मा के अपहरण की शिकायत नवगछिया थाने में दर्ज कराई थी। शिकायत में पंकज शर्मा समेत तीन से चार अन्य लोगों को नामजद किया गया था। मामले की जांच के दौरान नवगछिया और खरीफ पुलिस की कार्रवाई में मोहम्मद इरफान और मोहम्मद सोहेल को गिरफ्तार किया गया। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने उमेश की हत्या कर शव को मनसाही थाना क्षेत्र के मलकाईन घाट में फेंकने की बात बताई। ड्रोन कैमरे की मदद से हुई शव की तलाश आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस टीम मलकाईन घाट पहुंची। शुक्रवार दोपहर सेमापुर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आरोपी द्वारा बताए गए स्थान पर खोजबीन शुरू की। कड़ी मशक्कत के बाद शव को मलकाईन घाट में पुल से करीब 300 मीटर दूर बहते पानी के घेघवा से बरामद किया गया। शव की तलाश के लिए पुलिस ने ड्रोन कैमरे की भी मदद ली। परिजनों का आरोप है कि उमेश शर्मा की पत्नी अनीता देवी ने अपने कथित प्रेमी पंकज शर्मा, निवासी खगड़िया पसरा, और उसके सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। परिजनों के अनुसार, हत्या के तीन दिन बाद शव बरामद हुआ। उमेश शर्मा अपने पीछे दो छोटे बेटों को छोड़ गए हैं, जिनकी उम्र करीब 10 वर्ष और 7 वर्ष है। पुलिस कर रही मामले की जांच पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में हत्या के कारणों, अन्य आरोपियों की भूमिका और घटनाक्रम की पूरी जानकारी जुटाने के लिए पुलिस गहन जांच कर रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *