Headlines

जालोर में खुले मैनहोल में फंसी गैस-सिलेंडरों से भरी कैंपर:जेसीबी की मदद से निकाला बाहर; लोग बोले- अधिकारी नहीं कर रहे सुनवाई




जालोर शहर के राजेंद्र नगर क्षेत्र में शुक्रवार को गैस सिलेंडरों से भरी एक कैंपर सीवरेज के खुले मैनहोल में फंस गई। कैंपर का एक पहिया गड्ढे में धंसने से वह बीच सड़क पर अटक गया। काफी देर तक ड्राइवर और स्थानीय लोगों ने कैंपर निकालने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। बाद में जेसीबी मशीन की मदद से कैंपर को बाहर निकाला गया। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने बदहाल सीवरेज व्यवस्था पर नाराजगी जताई। उनका कहना है कि राजेंद्र नगर में पिछले करीब आठ महीनों से सीवरेज व्यवस्था खराब है। मुख्य सड़क पर कई जगह मैनहोल खुले पड़े हैं और सीवरेज का गंदा पानी लगातार सड़क पर बहता रहता है, जिससे लोगों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी सुरेश माली ने बताया कि खुले मैनहोल और सड़क पर भरे गंदे पानी के कारण रोजाना दुपहिया समेत अन्य वाहन चालक हादसों का शिकार हो रहे हैं। कई बार नगर परिषद के अधिकारियों को शिकायत करने के बाद भी स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका आरोप है कि अधिकारी कभी-कभार मौके पर पहुंचकर केवल मैनहोल का पानी खाली कर लौट जाते हैं, जिससे कुछ ही समय बाद फिर सड़क पर पानी भर जाता है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह समस्या केवल राजेंद्र नगर तक सीमित नहीं है, बल्कि शहर के कई इलाकों में सीवरेज व्यवस्था बदहाल है। लोगों ने नगर परिषद से खुले मैनहोल बंद कराने, सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त करने और स्थायी समाधान करने की मांग की है, जिससे भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *