![]()
जिस मकान को मेरे पति ने अपनी पूरी जिंदगी की मेहनत की कमाई से खरीदा था, उसी का कब्जा लेने के लिए मुझे अदालत जाना पड़ा। मैंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि अपना ही घर वापस लेने जाऊंगी और मुझ पर गोली चला दी जाएगी। भगवान का शुक्र है कि मेरी जान बच गई। गोली सीधे मेरे सिर की ओर चली थी। इस घटना के बाद मैंने तय कर लिया है कि जिंदगी में अब कभी किसी को अपना मकान किराए पर नहीं दूंगी। यह दर्द चंडीगढ़ की मनविंदर कौर का है, जो अदालत के आदेश पर अपने फ्लैट का कब्जा लेने सेक्टर-42 पहुंची थीं। इसी दौरान वकील जे.पी.एस. चड्ढा ने कथित तौर पर उन पर गोली चला दी। गोली के छर्रे मनविंदर कौर के चेहरे और आंखों में लगे, जिससे उनकी आंखों की रोशनी चली गई। मनविंदर कौर ने कहा कि उन्हें कभी यह उम्मीद नहीं थी कि जिस व्यक्ति को उन्होंने किराए पर मकान दिया, वही एक दिन उस पर कब्जा कर लेगा। उन्होंने कहा कि मकान हमेशा उसके असली मालिक का होता है, लेकिन उसे वापस पाने के लिए उन्हें वर्षों तक अदालतों के चक्कर लगाने पड़े। अदालत ने उनके पक्ष में फैसला दिया और कब्जा दिलाने के आदेश भी जारी हुए, लेकिन आदेश लागू कराने पहुंचे तो उन पर ही गोली चला दी गई। अब जिंदगी में मकान किराए पर नहीं दूंगी मनविंदर कौर ने कहा कि इस घटना ने उनका भरोसा पूरी तरह तोड़ दिया है। अब वह कभी किसी को अपना मकान किराए पर नहीं देंगी। उन्होंने इंसानियत पर भरोसा किया था, लेकिन बदले में उन्हें गोली मिली। उन्होंने भावुक होकर कहा, पता नहीं इंसानियत कहां चली गई है। अगर भगवान ने साथ नहीं दिया होता तो शायद मैं आज जिंदा भी नहीं होती। पीजीआई में हुआ ऑपरेशन घटना के बाद गंभीर हालत में मनविंदर कौर को पीजीआई में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उनकी आंखों का ऑपरेशन किया, लेकिन अभी उन्हें दिखाई नहीं दे रहा है। डॉक्टर लगातार उनकी आंखों की रोशनी वापस लाने का प्रयास कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार, सेक्टर-42 स्थित फ्लैट पर वकील जे.पी.एस. चड्ढा करीब 36 वर्षों से रह रहा था। लंबे कानूनी संघर्ष के बाद अदालत ने फ्लैट का कब्जा मनविंदर कौर को दिलाने का आदेश दिया था। अदालत के बेलिफ और सेक्टर-36 थाना पुलिस की टीम आदेश का पालन कराने फ्लैट पर पहुंची थी। जब ताला तोड़ने की कार्रवाई शुरू हुई तो आरोपी ने कथित तौर पर बालकनी से फायरिंग कर दी। गोली मनविंदर कौर के चेहरे पर लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। आरोपी को कोर्ट ने भेजा जेल घटना के बाद सेक्टर-36 थाना पुलिस ने आरोपी जे.पी.एस. चड्ढा के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Source link
चंडीगढ़ में घर का कब्जा लेने पहुंची, आंखें गंवाईं:मनविंदर बोलीं- कभी नहीं सोचा किराएदार गोली चला देगा, किसी को मकान किराए पर नहीं दूंगी
