Headlines

मुह पर काली पट्टी बांधकर सड़क पर उतरे सपाई:चढ़ावा चोरी से पेपर लीक तक उठाए सवाल, SDM को सौंपा ज्ञापन




गोरखपुर में शनिवार को समाजवादी पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता सड़क पर उतर आए। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी की। हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर कार्यकर्ता डीडीयू गोरखपुर विश्वविद्यालय के सामने स्थित पंत पार्क पर एकत्र हुए। इस दौरान कई कार्यकर्ताओं ने अपनी बाहों पर काली पट्टी बांध रखी थी, जबकि कुछ कार्यकर्ताओं ने मुंह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। प्रदर्शन को देखते हुए स्थानीय पुलिस भी अलर्ट मोड में रही। पुलिस ने प्रदर्शन स्थल से लेकर कार्यकर्ताओं के पैदल मार्च वाले रास्ते तक निगरानी बनाए रखी। जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में जुटे कार्यकर्ता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पंत पार्क पहुंचे। यहां कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया। इसके बाद कार्यकर्ता पंत पार्क से पैदल मार्च करते हुए विश्वविद्यालय चौराहा पहुंचे। यहां से सभी डीएम कार्यालय की ओर रवाना हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में पार्टी के झंडे, बैनर और पोस्टर ले रखे थे। डीएम कार्यालय पहुंचने के बाद सपा नेताओं ने एसडीएम को राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कानून व्यवस्था, किसानों को खाद-बीज की उपलब्धता, अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की जांच और प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक सहित कई मुद्दे उठाए गए। ‘गोरखपुर में अपराध बढ़ा, जनता खुद को असुरक्षित महसूस कर रही’ सपा जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम ने कहा कि गोरखपुर में अपहरण, हत्या और बलात्कार जैसी घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद में भी अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के गोरखपुर में रहने के दौरान ही अपहरण और हत्या जैसी घटनाएं हो गईं। इसके अलावा गोरखपुर जिला कारागार से अपराधी के फरार होने का मामला भी सामने आया। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब पुलिस ही अपराध में लिप्त रहेगी तो कानून व्यवस्था कौन संभालेगा? सपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि गोरखपुर में बढ़ते अपराध की वजह से आम जनता अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रही है। लोगों में सरकार और प्रशासन के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है। खाद-बीज के लिए भटक रहे किसान सपा ने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। पार्टी नेताओं का कहना है कि सरकारी समितियों पर खाद और बीज उपलब्ध नहीं होने की वजह से किसानों को परेशान होना पड़ रहा है। ज्ञापन में कहा गया कि किसान खाद और बीज के लिए एक समिति से दूसरी समिति के चक्कर लगाने को मजबूर हैं। समय पर खाद और बीज नहीं मिलने से किसानों की खेती प्रभावित हो रही है। पार्टी ने किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद और बीज उपलब्ध कराने की मांग की। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी की जांच की मांग समाजवादी पार्टी ने अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी के मामले को लेकर भी सवाल उठाए। पार्टी ने इस मामले की सीबीआई से न्यायिक जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि इस मामले में दोषियों को बचाने की कोशिश की जा रही है। पार्टी ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों पर कार्रवाई किए जाने की मांग की है। पेपर लीक को लेकर सरकार पर निशाना सपा ने प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक के मुद्दे को लेकर भी सरकार को घेरा। जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार बनने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक होने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक की वजह से लाखों छात्र-छात्राओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। युवाओं को कई वर्षों तक मेहनत करने के बाद परीक्षा देने का मौका मिलता है, लेकिन पेपर लीक होने के कारण उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि पेपर लीक की घटनाओं को रोकने में सरकार पूरी तरह सफल नहीं हो पा रही है। इसके खिलाफ छात्रों में भी नाराजगी है। उन्होंने जंतर-मंतर पर पेपर लीक के विरोध में प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर कार्रवाई का भी विरोध किया। मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज करने की चेतावनी ज्ञापन सौंपने के बाद सपा जिलाध्यक्ष बृजेश कुमार गौतम ने कहा कि पार्टी ने जनहित से जुड़े कई मुद्दों को लेकर प्रशासन के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा है। उन्होंने कहा कि अगर प्रशासन और सरकार ने उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता आने वाले दिनों में आंदोलन को और तेज करने के लिए मजबूर होंगे। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए पुलिस बल भी मौके पर तैनात रहा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *