![]()
किन्नौर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर उर्नी ढांक के पास बेली ब्रिज के शेष हिस्से को लॉन्च करने का काम शुरू हो गया है। इसके चलते उर्नी ढांक पर यातायात को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है। यह व्यवस्था 10 अगस्त तक या कार्य पूरा होने तक लागू रहेगी। जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करें। उर्नी ढांक से गुजरने वाले सभी वाहनों को अब उर्नी वैकल्पिक मार्ग से भेजा जाएगा। भारी मालवाहक वाहनों (HMV) और ट्रकों के लिए विशेष समय निर्धारित किया गया है। ये वाहन सुबह 8 से पहले और रात 8 बजे के बाद ही वैकल्पिक मार्ग से आवाजाही कर सकेंगे। दिन के समय इन वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध रहेगा। बसों और सार्वजनिक वाहनों को छूट हालांकि, बसों और अन्य सार्वजनिक परिवहन वाहनों को इस समय सीमा से छूट दी गई है। इन वाहनों का संचालन मौके पर मौजूद पुलिस और यातायात व्यवस्था के अनुसार किया जाएगा। यात्रियों को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर यातायात को नियंत्रित करेगी। सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखने की अपील जिला प्रशासन ने वाहन चालकों से निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा व्यवस्था का ध्यान रखते हुए निर्धारित मार्ग और समय का पालन करने का आग्रह किया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बेली ब्रिज का कार्य पूरा होने तक सभी वाहन चालक पुलिस और मौके पर तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें, ताकि यातायात सुचारू रहे और निर्माण कार्य भी सुरक्षित तरीके से संपन्न हो सके।
Source link
किन्नौर में बेली ब्रिज का काम शुरू:10 अगस्त तक एनएच बंद; भारी वाहनों की रात 8 बजे के बाद आवाजाही
