![]()
चंडीगढ़ सेक्टर-24-सी स्थित रामलीला मैदान में वाल्मीकि मंदिर के पास नए सार्वजनिक शौचालय का निर्माण शुरू हो गया है। मेयर सौरभ जोशी ने आज निर्माण कार्य की शुरुआत की। इस दौरान नगर निगम के अधिकारी, स्थानीय निवासी, रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन सेक्टर-24 के अध्यक्ष प्रेम शम्मी मौजूद रहे। नया सार्वजनिक शौचालय वार्ड विकास निधि से बनाया जा रहा है। इसके निर्माण पर करीब 14.66 लाख रुपए खर्च होंगे। नगर निगम के अनुसार निर्माण कार्य करीब तीन महीने में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंदिर और रामलीला मैदान में आने वालों को सुविधा नया शौचालय बनने से वाल्मीकि मंदिर और रामलीला मैदान में आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। इसके अलावा सुबह सैर करने वाले लोगों, पार्क में आने वाले लोगों और आसपास के सेक्टरों के निवासियों को भी इसका लाभ मिलेगा। रामलीला मैदान में समय-समय पर धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं। दशहरा और रामलीला के दौरान यहां बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में सार्वजनिक शौचालय की सुविधा होने से लोगों को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। साफ-सफाई और स्वच्छता पर जोर काम शुरू कराने के मौके पर मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि शहर के लोगों को साफ, स्वच्छ और आसानी से उपलब्ध सार्वजनिक सुविधाएं देना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक शौचालयों की सुविधा बढ़ाने के साथ-साथ उनकी साफ-सफाई और रखरखाव पर भी ध्यान दिया जाना जरूरी है। मेयर ने कहा कि नगर निगम चंडीगढ़ में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहा है। सार्वजनिक स्थानों पर बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने से शहर को साफ और स्वस्थ रखने में मदद मिलेगी। सार्वजनिक सुविधा का सही इस्तेमाल करने की अपील मेयर ने शहरवासियों से अपील की कि वे सार्वजनिक सुविधाओं का जिम्मेदारी से इस्तेमाल करें और इन्हें साफ रखने में नगर निगम का सहयोग करें। उन्होंने कहा कि किसी भी सार्वजनिक सुविधा की सफलता केवल उसके निर्माण से नहीं, बल्कि उसके सही इस्तेमाल और रखरखाव से होती है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना नगर निगम की ओर से नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में उठाया गया कदम है। साथ ही यह स्वच्छ भारत मिशन के उद्देश्यों को आगे बढ़ाने में भी मदद करेगी। स्थानीय लोगों के अनुसार मंदिर, रामलीला मैदान और आसपास के पार्कों में रोजाना बड़ी संख्या में लोग आते हैं। कार्यक्रमों के दौरान लोगों की संख्या और बढ़ जाती है।
Source link
चंडीगढ़ में बनेगा नया सार्वजनिक शौचालय:14.66 लाख रुपए होंगे खर्च, 3 माह में पूरा होगा निर्माण; मेयर सौरभ जोशी ने शुरू कराया काम
