Headlines

झगड़ा शांत कराने पहुंचे युवक को चाकू घोंपा,मौत:दंपती आपस में झगड़ रहे थे, चौकीदार के पति ने किया हमला; बेनीवाल ने जताई संवेदना




उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन बिल्डिंग में पति-पत्नी के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने पहुंचे एक मार्बल फिटर को चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। आरोप है कि विवाद के दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे नागौर के बलवा गांव निवासी हेमाराम जाट पर चौकीदार ने चाकू से हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल युवक को तुरंत एमबी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी चौकीदार अन्ना सिंह पुत्र रूप सिंह गांव रुनारेल आसीन्द जिला भीलवाड़ा को डिटेन कर लिया है। घटना सविना के तीतरड़ी में ठाकुर दाता तिराहा पर निर्माणाधीन मकान में रात करीब 10 बजे की है। घटना के बाद नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने घटना पर संवेदना जताते हुए पीड़ित परिवार के प्रति दुख व्यक्त किया है। ऑनलाइन एप में डिलीवरी बॉय का काम करता है आरोपी सवीना थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि सविना इलाके में एक बिल्डिंग का काम चल रहा है, वही पर बिल्डिंग में ग्राउंड फ्लोर पर चौकीदार का काम करने वाली सुनीता रावत अपने पति अन्ना सिंह रावत के साथ रह रही थी। उसका पति अन्ना सिंह रावत ऑनलाइन एप zepto में डिलीवरी बॉय का काम करता है। जबकि उसी निर्माणाधीन बिल्डिंग में मृतक हेमाराम मार्बल फिटिंग का काम कर रहा था। उन्होंने बताया कि शनिवार शाम से सुनीता और उसका पति अन्ना आपस में तेज झगड़ थे। तभी हेमाराम बीच बचाव कर मामला शांत कराने पहुंचा तो गुस्से में आकर अन्ना ने हेमाराम पर चाकू से हमला कर दिया। अन्ना को इस बात का बुरा लगा कि पति-पत्नी के बीच वो तीसरा व्यक्ति आकर क्यों बात कर रहा है। इसी बात से आरोपी आवेश में आया और चाकू से हमला किया। सविना थानाधिकारी ने बताया कि आरोपी अन्ना सिंह रावत को डिटेन कर लिया गया है, फिलहाल पूछताछ जारी है। सांसद हनुमान बेनीवाल ने कार्रवाई की मांग इस घटना की जानकारी मिलते ही नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोशल मीडिया पर गहरा दुख व्यक्त किया। बेनीवाल ने उदयपुर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर मामले में निष्पक्ष जांच, आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी और सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। उन्होंने राज्य सरकार से मृतक हेमाराम के परिवार को आर्थिक सहायता देने की बात कही और शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव पुलिस ने एमबी अस्पताल में पोस्टमॉर्टम करवाकर हेमाराम का शव उसके परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, डिटेन किए गए आरोपी चौकीदार से पुलिस कड़ाई से पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *