Headlines

गोड्डा में प्रेम प्रसंग में नाबालिग की पीटकर हत्या:गले पर दाग और नाक से खून निकलने के मिले निशान, शादीशुदा महिला से था अफेयर




गोड्डा जिले के महागामा थाना क्षेत्र के गोड़िया गांव में प्रेम प्रसंग के चलते एक नाबालिग लड़के की पीट पीटकर हत्या का मामला सामने आया है। 17 वर्षीय सूरज राय का शव सोमवार सुबह रघुनाथकित्ता पुल के पास से बरामद किया गया। मृतक की मां ने प्रेम प्रसंग को हत्या का कारण बताया है। ग्रामीणों ने अहले सुबह पुल के पास एक युवक का शव पड़ा देखा, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही महागामा पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की, पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान पथरगामा थाना क्षेत्र के तरडीहा निवासी सूरज राय (17) के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय राधे राय का पुत्र था। शव पर चोट के निशान मिले हैं, जिसमें गले पर दाग और नाक से ब्लड निकलता हुआ शव बरामद किया गया है। सूरज टोटो चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। मृतक की मां किरण देवी और परिजनों ने प्रेम प्रसंग में पीट पीटकर हत्या का आरोप लगाया है। किरण देवी ने बताया कि सूरज अपने दोस्त का ससुराल गोड़िया गया हुआ था। जहां सूरज का गोड़िया गांव की एक शादीशुदा महिला से प्रेम प्रसंग था और वह उससे फोन पर बात भी करता था। परिजनों का आरोप है कि इसी प्रेम प्रसंग के कारण इस घटना को अंजाम दिया गया है। हालांकि साक्ष्य छुपाने के लिए शव को गांव से 500 मीटर दूर लाकर पुल के पास फेंक दिया गया है। महागामा पुलिस निरीक्षक उपेंद्र कुमार महतो ने बताया कि एक युवक का शव बरामद किया गया है और पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *