![]()
हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत रामपुर की दुर्गम काशापाट पंचायत में ग्रामीणों के बीच रात बिताई। सीएम ने केंद्र सरकार से रिटायर रूपन दास के घर रात्रि विश्राम किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर क्षेत्र की समस्याएं जानीं और स्थानीय जीवनशैली, संस्कृति और खान-पान को करीब से देखा। मुख्यमंत्री के काशापाट पहुंचने पर ग्रामीणों ने पारंपरिक अंदाज में उनका स्वागत किया। ग्रामीणों ने उन्हें हिमाचली पारंपरिक परिधान छुपटी (कोट) पहनाई। लोक वाद्य और पारंपरिक वेशभूषा के बीच हुए स्वागत के बाद सीएम ग्रामीणों के साथ घुल-मिल गए। उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ नाटी भी डाली, जिससे माहौल हिमाचली लोक संस्कृति के रंग में रंग गया। महिलाओं ने तैयार किया CM का खाना
मुख्यमंत्री के लिए डिनर और ब्रेकफॉस्ट किसी फाइव स्टार होटल में नहीं बल्कि स्थानीय महिलाओं ने मिलकर तैयार किया। रात्रि भोज में उन्हें कोदे और फफड़े के चिलड़े, दाल व सब्जी परोसी गई। मुख्यमंत्री ने स्थानीय व्यंजनों का स्वाद लिया और ग्रामीणों के साथ भोजन किया। सुबह नाश्ते में छोले, तुलसी और कोदे के चिलटू परोसे गए। समस्याएं सीधे CM के सामने रखने का अवसर मिला
ग्रामीण गोकल राम, फुला सिंह, राम लाल, सुबेर चंद, लाल सिंह और मेहर सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री का इस दुर्गम क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों के बीच रात्रि प्रवास करना उनके लिए खास अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि काशापाट जैसे दूरदराज क्षेत्र में मुख्यमंत्री के रात रुकने से स्थानीय लोगों को अपनी समस्याएं सीधे उनके सामने रखने का अवसर मिला। विकास कार्यों के आगे बढ़ने की उम्मीद जगी
ग्रामीणों के अनुसार मुख्यमंत्री ने लोगों की ओर से उठाई गई कई समस्याओं और लंबे समय से लंबित कार्यों को लेकर मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इससे ग्रामीणों को संबंधित विकास कार्यों के आगे बढ़ने की उम्मीद जगी है। काशापाट में रात बिताने वाले प्रदेश के पहले CM सुक्खू
ग्रामीणों ने कहा कि उनके अनुसार सुक्खू प्रदेश के पहले मुख्यमंत्री हैं, जिन्होंने रामपुर की दुर्गम काशापाट पंचायत में रात बिताई है। मुख्यमंत्री का ग्रामीणों के बीच रहना केवल औपचारिक दौरा नहीं लगा, बल्कि उन्होंने स्थानीय लोगों के साथ समय बिताकर क्षेत्र की समस्याओं और जीवनशैली को समझने का प्रयास किया। स्कूल भवन को 2 करोड़ की घोषणा
इस दौरान सीएम ने काशापाट स्कूल के नए भवन के लिए 2 करोड़ रुपए देने की घोषणा की। सीएम ने यह ऐलान शुक्रवार देर रात जनसभा में किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने काशापाट को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने की बात कही। आज नोगली में जनसभा करेंगे
मुख्यमंत्री सुक्खू कुछ देर में नोगली में जनसभा को संबोधित करेंगे। जनसभा के दौरान मुख्यमंत्री क्षेत्र के विकास से जुड़े कार्यों की जानकारी देने के साथ जनता की समस्याएं भी सुनेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री दोपहर 12 बजे रामपुर के पदम उत्कृष्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय पहुंचेंगे। यहां वह विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। रामपुर में एंटी चिट्टा रैली को दिखाएंगे हरी झंडी
इस दौरान युवाओं को नशे से दूर रहने का संदेश देने के साथ मुख्यमंत्री चिट्टा विरोधी रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। विद्यार्थियों के साथ संवाद और चिट्टा विरोधी रैली के माध्यम से नशे के खिलाफ जागरूकता का संदेश दिया जाएगा। रामपुर क्षेत्र में मुख्यमंत्री के दो दिवसीय प्रवास के दौरान विभिन्न विकास कार्यों के उद्घाटन-शिलान्यास और जनसंवाद कार्यक्रम प्रमुख रूप से होंगे। इसके बाद वापस शिमला लौटेंगे।
Source link
हिमाचल CM ने ग्रामीणों संग डाली नाटी:महिलाओं ने डिनर-ब्रेकफास्ट बनाया, पहाड़ी व्यंजन परोसे; स्कूल बिल्डिंग को ₹2 करोड़ दिए
