![]()
धार पुलिस ने चोरी और चेन झपटमारी की दो अलग-अलग वारदातों का खुलासा किया है। दोनों मामलों में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने 30 बोरी लहसुन, सोने की चेन, पेंडल, एक पिकअप वाहन और एक पल्सर बाइक बरामद की है। एसपी सचिन शर्मा ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी जानकारी दी। नौगांव थाना क्षेत्र के तोरनोद में 8 अगस्त को एक व्यक्ति ने मकान से लहसुन की बोरियां चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक, फरियादी के बयान और वीडियो रिकॉर्डिंग की जांच से 30 बोरी लहसुन चोरी होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे CCTV फुटेज खंगाले। सबूतों के आधार पर 10 अगस्त को अनिल मावी, राहुल सबराया, रवि बमुनिया और मुकेश बामनिया को गिरफ्तार किया गया। इंदौर मंडी से बरामद हुआ चोरी का लहसुन पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की 30 बोरी लहसुन इंदौर ले जाकर एक व्यापारी को किसान बनकर बेचने की बात बताई। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने इंदौर की चोईथराम मंडी से लहसुन बरामद किया। बरामद 30 बोरी लहसुन की कीमत करीब 1 लाख 40 हजार रुपए बताई गई है। चोरी में इस्तेमाल पिकअप भी मिली पुलिस के अनुसार, आरोपी अनिल मावी ने वारदात में पिकअप वाहन MP-11-ZF-0412 का इस्तेमाल किया था। पुलिस ने करीब 8 लाख रुपए कीमत का यह वाहन भी बरामद किया है। चेन झपटमारी में 3 आरोपी गिरफ्तार दूसरे मामले में कोतवाली पुलिस, क्राइम ब्रांच और धामनोद पुलिस की संयुक्त टीम ने त्रिमूर्ति नगर में हुई चेन झपटमारी का खुलासा किया है। इस मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के कब्जे से सोने की चेन, पेंडल और वारदात में इस्तेमाल की गई पल्सर बाइक बरामद की गई है। पुलिस आरोपियों से अन्य वारदातों के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।
Source link
धार में चोरी-चेन झपटमारी का खुलासा:पुलिस ने 2 वारदातें सुलझाईं; 7 आरोपी गिरफ्तार, 30 बोरी लहसुन समेत सोने की चेन और 2 वाहन बरामद
