![]()
विश्व प्रसिद्ध श्रावणी मेला के दौरान उत्तर प्रदेश का एक कांवरिया श्रद्धालु अपने परिजनों से बिछड़ गया है। मुंगेर पुलिस ने उसे सुरक्षित तारापुर थाना पहुंचाया है, जहां वह पिछले चार दिनों से अपने परिवार की राह देख रहा है। श्रद्धालु की पहचान बहराइच जिले के रामगांव थाना क्षेत्र स्थित सुरजली पूर्वा गांव निवासी पंडित रजक (पिता मुसे रजक) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, पंडित रजक 7 या 8 अगस्त को बाबा वैद्यनाथ धाम जाते समय तारापुर थाना क्षेत्र के कांवरिया पथ पर अपने साथियों से अलग हो गए थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस ने उन्हें अपनी सुरक्षा में लिया। बताया गया है कि श्रद्धालु मानसिक रूप से कुछ कमजोर हैं, जिसके कारण वह अपने घर और पते के बारे में पूरी जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं दे पा रहे हैं। वह वर्तमान में तारापुर थाना में पुलिस की निगरानी में सुरक्षित हैं। तारापुर थानाध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि श्रद्धालु के संबंध में उत्तर प्रदेश के संबंधित स्थानीय थाने को सूचना भेज दी गई है। हालांकि, अब तक वहां से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली है। इस मामले की जानकारी वरीय पदाधिकारियों को भी दी गई है। पुलिस लगातार उनके परिजनों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है। मुंगेर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति पंडित रजक को पहचानता है या उनके परिजनों के बारे में कोई जानकारी रखता है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। जानकारी देने के लिए तारापुर थानाध्यक्ष के मोबाइल नंबर 9031828083 अथवा जिला नियंत्रण कक्ष, मुंगेर के नंबर 9031828099 पर संपर्क किया जा सकता है। पुलिस ने लोगों से यह भी अपील की है कि इस सूचना को अधिक से अधिक साझा किया जाए, ताकि श्रद्धालु जल्द से जल्द अपने परिवार से मिल सकें और सकुशल घर लौट सकें।
Source link
यूपी का श्रद्धालु अपनों से बिछड़ा, तारापुर थाने में बैठा:चार दिनों से कांवरिया वेश में परिजनों का इंतजार, परिवार के लोग थाना प्रभारी के मोबाइल नंबर पर कर सकते हैं संपर्क
