Headlines

भावना बोहरा की 151 किमी कांवड़ यात्रा जारी:अमरकंटक से भोरमदेव तक कठिन रास्तों से गुजर रहे कांवड़िए, पंडरिया विधायक ने की सुख-समृद्धि की प्रार्थना




कवर्धा के पंडरिया विधायक भावना बोहरा द्वारा आयोजित 151 किलोमीटर की कांवड़ पदयात्रा दूसरे दिन भी जारी रही। यह यात्रा मां नर्मदा मंदिर, अमरकंटक से भोरमदेव मंदिर तक निकाली जा रही है। यात्रा के दूसरे दिन विधायक बोहरा ने ग्राम लमनी से वन ग्राम महामाई (खुड़िया) तक कांवड़ियों के साथ पदयात्रा की। इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। कांवड़ यात्रियों ने नदी, पहाड़ों, पथरीले रास्तों और घने जंगलों जैसे कठिन मार्गों को पार किया। इस दौरान ‘बोल बम’ और ‘हर हर महादेव’ के जयघोष सुनाई दिए। यह कांवड़ पदयात्रा 10 अगस्त से 16 अगस्त तक चलेगी। यात्रा के पहले दिन मां नर्मदा मंदिर अमरकंटक से ग्राम लमनी तक विधायक भावना बोहरा के साथ लगभग 600 कांवड़ियों ने हिस्सा लिया था। दूसरे दिन की यात्रा वन ग्राम महामाई (खुड़िया) में संपन्न हुई। भावना बोहरा ने की सुख-समृद्धि की प्रार्थना इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह यात्रा उनके लिए आस्था और जनकल्याण से जुड़ी एक आध्यात्मिक यात्रा है। उन्होंने बताया कि यह मार्ग प्रकृति, संस्कृति और सनातन आस्था को जोड़ता है। बोहरा ने कहा कि पहाड़, पथरीले रास्ते या घने जंगल, महादेव की भक्ति में उठाया गया हर कदम शक्ति देता है। उन्होंने बताया कि कठिन रास्तों ने शारीरिक परीक्षा ली है, लेकिन हर पड़ाव के साथ उत्साह और विश्वास बढ़ा है। उन्होंने सावन के इस अवसर पर भगवान भोलेनाथ और मां नर्मदा से छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि, किसानों की खुशहाली, युवाओं के भविष्य और प्रत्येक परिवार के मंगलमय जीवन की प्रार्थना की। भावना बोहरा बोलीं- महादेव का आशीर्वाद साथ भावना बोहरा ने कहा कि घने जंगलों के बीच चल रही ठंडी हवाएं, चारों तरफ हरियाली और शांत वातावरण से ऐसा लग रहा है, जैसे प्रकृति भी इस धार्मिक यात्रा में साथ चल रही है। रास्ता मुश्किल और लंबा होने के बावजूद सभी कांवड़ियों में उत्साह बना हुआ है। उन्होंने कहा कि मां नर्मदा के पवित्र जल और भगवान भोलेनाथ के प्रति श्रद्धा के कारण यात्रा की मुश्किलें आसान लग रही हैं। भावना बोहरा ने भरोसा जताया कि मां नर्मदा की कृपा और भगवान महादेव के आशीर्वाद से यात्रा बिना किसी परेशानी के पूरी होगी। भोरमदेव धाम में जलाभिषेक के साथ छत्तीसगढ़ के विकास और सभी की खुशहाली का संकल्प और मजबूत होगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *