सिंगरौली जिले के नेशनल हाईवे-39 पर बुधवार दोपहर करीब 2 बजे सजहर जंगल के पास भूसी लेकर जा रहे एक ट्रक के अचानक ब्रेक फेल हो गए। किसी बड़ी दुर्घटना से बचने के लिए चालक ने समझदारी दिखाते हुए वाहन को जानबूझकर सड़क किनारे पलट दिया।
.

चालक को सिर में आई चोट
हादसे में ट्रक चालक रमेश कुमार प्रजापति के सिर में चोट आई है। घटना की सूचना मिलते ही जियावन पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तुरंत एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भिजवाया, जहां उसका इलाज जारी है।

सड़क से ट्रक हटाकर बहाल कराया यातायात
ट्रक पलटने से उसमें भरी भूसी सड़क पर बिखर गई, जिससे NH-39 पर आवाजाही ठप हो गई। जियावन थाना प्रभारी शेष नारायण द्विवेदी ने बताया कि पुलिस टीम ने तुरंत क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को सड़क किनारे करवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। पुलिस ने चालक के बयान दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
