![]()
महेंद्रगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी कड़ी में एसडीएम योगेश सैनी ने बुधवार को स्थानीय राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल में आयोजित होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के कार्यक्रम स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया। इस अवसर पर नारनौल के विधायक ओमप्रकाश यादव मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और मार्च पास्ट की सलामी लेंगे। एसडीएम योगेश सैनी ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह देश के गौरव और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के लिए उन्हें जो भी दायित्व सौंपा गया है, उसे निर्धारित समय पर पूरा करना सुनिश्चित करें। निष्ठा और समय से पूरी की जाएं सभी तैयारी : एसडीएम एसडीएम ने अधिकारियों से कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को हर्षोल्लास के साथ मनाने के लिए सभी तैयारियां पूरी निष्ठा और समयबद्धता के साथ की जाएं। उन्होंने शहर के चौक-चौराहों, शहीद स्मारकों और महापुरुषों की प्रतिमाओं को सजाने के भी निर्देश दिए। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को आपस में तालमेल बनाकर राष्ट्रीय पर्व को धूमधाम से मनाने के लिए पूरी तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा। एसडीएम ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए एक-एक कर जिम्मेदारियां सौंपी। उन्होंने बताया कि रिहर्सल और परेड के दौरान एंबुलेंस की व्यवस्था स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाएगी, जबकि साफ-सफाई का जिम्मा नगर पालिका संभालेगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए विभागों को सौंपे दायित्व पुलिस विभाग को परेड की सलामी और मार्च पास्ट की जिम्मेदारी दी गई है, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए भी विभिन्न विभागों को दायित्व सौंपे गए। वेलकम गेट की व्यवस्था भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इस दौरान खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी मनोज कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी जगमाल, बिजली निगम के एसडीओ सुनील कुमार, नायब तहसीलदार बिजेंद्र सिंह, मत्स्य अधिकारी सोमदत्त सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
महेंद्रगढ़ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां तेज:विधायक ओमप्रकाश यादव फहराएंगे ध्वज, एसडीएम ने लिया तैयारियों का जायजा
