![]()
आबूरोड में नगरपालिका आम चुनाव 2026 की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन किया। जिला कलेक्टर के निर्देश पर रिटर्निंग अधिकारी रामस्वरूप जौहर के नेतृत्व में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से मतदान केंद्रों का निरी
.
पेयजल, बिजली, शौचालय और रैंप की व्यवस्थाएं जांचीं
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, विद्युत, शौचालय और रैंप जैसी मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता देखी। संबंधित विभागों के अधिकारियों को जहां आवश्यक हो, वहां व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं पहले से सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना कक्ष का भी निरीक्षण
टीम ने नगरपालिका चुनाव की मतगणना के लिए निर्धारित स्ट्रॉन्ग रूम और मतगणना कक्ष का भी अवलोकन किया। सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता को यहां आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
मतदान केंद्र संख्या 25, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय द्वितीय परिसर प्रेमनगर में मतदान से पहले अस्थायी विद्युत कनेक्शन और बैरिकेडिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।
40 वार्डों के लिए 24 स्थानों पर मतदान केंद्र
अधिकारियों ने आबूरोड नगरपालिका क्षेत्र के 40 वार्डों के लिए 24 स्थानों पर स्थापित मतदान केंद्रों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाओं और आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली गई।
इस दौरान नगरपालिका आबूरोड की अधिशाषी अधिकारी दीपिका वीरवाल, पुलिस थाना आबूरोड शहर के थानाधिकारी हरचंद देवासी, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिशाषी अभियंता रमेश परिहार, जोधपुर विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के अधिशाषी अभियंता जगदीश चारण, सहायक अभियंता ललित कुमार और कनिष्ठ अभियंता छगनलाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
