Headlines

चंडीगढ़ में 3 युवक नशे में झूमते दिखे:डिप्टी मेयर ने उठाए सवाल, जोंबी ड्रग्स की आशंका, पहले भी आ चुके ऐसे मामले




चंडीगढ़ के आईटी पार्क थाना के एरिया में तीन अलग-अलग जगहों पर तीन युवक नशे की हालत में झूमते और असामान्य स्थिति में नजर आए। इन युवकों के वीडियो सामने आने के बाद चंडीगढ़ में नशे की समस्या को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। एक युवक आंखें बंद कर एक ही जगह झूमता दिखाई दिया, जबकि दूसरा काफी देर तक जमीन पर सिर टिकाकर बैठा रहा। तीसरे मामले में दो युवक जंगल के पास बैठे दिखाई दिए, जिनमें से एक युवक खड़ा होकर कुछ देर इधर-उधर देखने के बाद नीचे बैठ गया। इन मामलों को लेकर चंडीगढ़ की डिप्टी मेयर सुमन ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि वह अपने इलाके से नशा खत्म करने के लिए लगातार प्रयास कर रही हैं, लेकिन पुलिस की कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उन्होंने कहा कि नशे के कारण आने वाली पीढ़ियां बर्बाद हो रही हैं। नगर निगम की डिप्टी मेयर ने कहा कि पुलिस को कई बार नशे से जुड़े मामलों की जानकारी और वीडियो दिए जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद ठोस कार्रवाई नहीं हो रही। उन्होंने पुलिस से अपील करते हुए कहा कि हमारे बच्चों को बचाइए। जब नगर निगम डिप्टी मेयर सुमन यह बात कह रही थीं, उस समय इलाके के डीएसपी रामगोपाल और आईटी पार्क थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मिनी भारद्वाज भी मौके पर मौजूद थीं। आइए बताते हैं सिलसिलेवार क्या हुआ पहला मामला: किशनगढ़ में सामने आए पहले मामले में एक युवक मेज पर बैठा हुआ दिखाई दे रहा है। उसके आसपास लोग आते-जाते नजर आ रहे हैं। युवक की आंखें बंद हैं और वह एक ही स्थिति में लगातार झूलता हुआ दिखाई दे रहा है। वीडियो में ऐसा लग रहा है कि युवक पीछे की तरफ गिरने वाला है, लेकिन वह गिरता नहीं है। वह काफी देर तक उसी स्थिति में बैठा और झूमता रहता है। आसपास मौजूद लोग उसकी वीडियो भी बनाते दिखाई दे रहे हैं। दूसरा मामला: दूसरे मामले में एक युवक जमीन पर बैठा हुआ नजर आ रहा है। उसने अपना सिर जमीन से लगा रखा है और वह बिल्कुल हिल-डुल नहीं रहा। आसपास लोग मौजूद हैं, लेकिन युवक की स्थिति में कोई बदलाव नहीं होता। बताया गया कि वह करीब आधे घंटे से ज्यादा समय तक इसी स्थिति में बैठा रहा। उसकी हालत देखकर वहां मौजूद लोगों को उसके नशे में होने का शक हुआ। तीसरा मामला: तीसरा मामला किशनगढ़ के जंगल क्षेत्र का बताया जा रहा है। यहां दो युवक बैठे हुए नजर आते हैं। इनमें से एक युवक खड़ा है, जबकि दूसरा नीचे बैठा हुआ है। वीडियो में खड़ा युवक अपनी पैंट नीचे करता है। इसके बाद वह कुछ देर इधर-उधर देखता है और फिर नीचे बैठ जाता है। आरोप है कि इसके बाद दोनों युवक नशे का इंजेक्शन लगाने जैसी गतिविधि करते दिखाई देते हैं। इन तीनों मामलों के वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय स्तर पर नशे की समस्या को लेकर चिंता बढ़ गई है। इससे पहले भी सामने आ चुके मामले चंडीगढ़ में नशे की हालत में युवकों के इस तरह सड़क या सार्वजनिक जगहों पर पड़े रहने के मामले पहले भी सामने आ चुके हैं। इससे पहले सेक्टर-33 में एक कूरियर कर्मचारी नशे की हालत में सड़क पर एक ही स्थिति में झूमता हुआ दिखाई दिया था। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने उसे हिरासत में लिया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया था। पूर्व डिप्टी मेयर बोलीं- बच्चों को बचाइए लगातार सामने आ रहे इन मामलों को लेकर डिप्टी मेयर सुमन ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उनका कहना है कि पुलिस को कई बार ऐसे मामलों की जानकारी दी गई है और वीडियो भी सौंपे गए हैं, लेकिन नशे के खिलाफ कार्रवाई का असर जमीन पर दिखाई नहीं दे रहा। उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ एक व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा रहा, बल्कि इससे आने वाली पीढ़ियां प्रभावित हो रही हैं। जिस समय पूर्व डिप्टी मेयर ये सब कुछ बोल रही थीं, उस दौरान एरिया डीएसपी रामगोपाल और आईटी पार्क थाना प्रभारी मीनाक्षी भारद्वाज भी वहीं पर मौजूद थीं। पहले भी आ चुके ऐसे मामले… पहला मामला सेक्टर-33 में सामने आया था, जहां एक कूरियर बॉय सड़क के किनारे एक ही पोजीशन में खड़ा रहा। काफी देर तक आते-जाते लोगों को लगा कि वह गिर जाएगा, लेकिन वह गिरा नहीं। इसके बाद स्थानीय निवासियों ने पुलिस कंट्रोल रूम पर सूचना दी। पुलिस ने उसे कुछ देर हिरासत में लेकर छोड़ दिया था। धनास के बस स्टॉप पर भी नशे की हालत में एक युवक का मामला सामने आया था। युवक के हाथ में बीड़ी थी। वह बीड़ी को मुंह तक ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन नशे की हालत के कारण उसे ठीक से पी नहीं पा रहा था। बीड़ी उसके मुंह से थोड़ी दूर ही रह गई और वह उसी स्थिति में खड़ा रहा। बस स्टॉप पर मौजूद लोगों ने काफी देर तक युवक को इसी हालत में देखा। बताया गया कि वह करीब पौने घंटे तक एक ही स्थिति में खड़ा रहा। इस दौरान बस का इंतजार कर रहे लोग उसे देखते रहे। युवक की हालत देखकर लोगों को उसके नशे में होने का शक हुआ। सेक्टर-25 में सड़क किनारे एक घंटे तक बैठा रहा इसके बाद चंडीगढ़ के सेक्टर-25 में भी ऐसा ही मामला सामने आया था। यहां एक युवक सड़क किनारे बैठा हुआ था। वह काफी देर तक बिल्कुल हिल-डुल नहीं रहा था। आसपास से लोग आते-जाते रहे, लेकिन युवक उसी स्थिति में बैठा रहा। युवक करीब एक घंटे तक सड़क किनारे एक ही पोजीशन में बैठा रहा। काफी देर बाद शाम के समय जब लोगों ने उससे बातचीत करने की कोशिश की तो उसने नशा करने की बात कही। पूछने पर युवक ने बताया था कि वह चंडीगढ़ से ही नशा लेकर आता है। थाना प्रभारियों को एक्शन लेने के निर्देश डीएसपी रामगोपाल ने बताया कि उन्हें पता चला है कि उनके एरिया में ऐसा नशा लिया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं। इसमें कोई भी ढिलाई नहीं बरती जाएगी। छापेमारी की जा रही है। जल्द से जल्द इस नशे को खत्म कर दिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *