![]()
हिसार के बहुचर्चित जीवन कुंडू हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। खाप पंचायतों और किसान यूनियनों द्वारा पुलिस को दिए गए 13 अगस्त तक के अल्टीमेटम के आखिरी दिन हिसार पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत 2 लोगों को काबू कर लिया है। पकड़ा गया मुख्य आरोपी गजेंद्र उर्फ गजू पंडित (निवासी भाटला) और उसका साथी साहिल (निवासी सिंघवा राघो) है। हालांकि, पुलिस ने अभी इसका खुलासा नहीं किया है कि दोनों को कहां से पकड़ा है। वहीं मुख्य आरोपी सूर्यनगर निवासी रमेश शर्मा अभी भी पकड़ से बाहर है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि वो भी जल्द पकड़ में आ जाएगा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसपी हिसार के मार्गदर्शन में 10 विशेष टीमों का गठन किया गया था, जो हरियाणा समेत पड़ोसी राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही थीं। पुलिस इस मामले में 3 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी थी। पुलिस अब तक 6 आरोपी पकड़ चुकी सूर्य नगर में घटित मामले में हिसार पुलिस अब तक 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए 10 पुलिस टीमें गठित कर विभिन्न राज्यों एवं संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। एसपी सिद्धांत जैन ने बताया कि मामले में वांछित सभी आरोपियों के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है, ताकि कोई भी आरोपी देश से बाहर भागकर कानून की कार्रवाई से बचने का प्रयास न कर सके। पुलिस द्वारा आरोपियों की गतिविधियों एवं संभावित ठिकानों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी पर ₹50 हजार का इनाम घोषित फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए हिसार पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे थे। मामले में 50,000 रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पीड़ित पक्ष की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पीड़ित को व्यक्तिगत सुरक्षा उपलब्ध करवाई गई है और उसके निवास स्थान पर भी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई है। पीड़ित परिवार की सहायता एवं पुनर्वास के उद्देश्य से रोजगार उपलब्ध करवाने के संबंध में आवेदन किया गया है। 3 पॉइंट्स में जानिए पूरा विवाद…. 1. पड़ोसियों ने बेहोश होने तक पीटा सूर्यनगर इलाके में 4 अगस्त की सुबह करीब साढ़े 5 बजे डेयरी संचालक जीवन पर पड़ोसियों ने हमला कर दिया था। जीवन बाइक पर ट्रॉली लगाकर गोबर डालने जा रहा था। इसी दौरान पड़ोस के करीब 10-12 युवकों ने उसे घेर लिया और लाठी-डंडों से पीटना शुरू कर दिया। आरोपियों ने जीवन को तब तक पीटा, जब तक वह बेहोश नहीं हो गया। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल जीवन को परिजन पास के अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। 2. वीडियो में दिख रहे थे चोट के निशान जीवन का मौत से पहले का 1 मिनट 12 सेकेंड का एक वीडियो भी सामने आया था। इसमें उसके दोनों पैरों पर गहरे चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। वीडियो में जीवन ने बताया था कि पड़ोसी रमेश और उसके साथ 15-20 युवक थे। उसने मोल्हड़ नाम के एक युवक का भी जिक्र किया था। जीवन ने कहा था कि आरोपियों ने उसे पूरी तरह पीट दिया और उसकी टांग तोड़ दी। 3. गोबर डालने को लेकर हुआ था विवाद सूर्यनगर की गली नंबर-5 में जीवन की डेयरी थी। करीब डेढ़ महीने पहले उसका पड़ोसी रमेश से गोबर डालने को लेकर विवाद हुआ था। वह रोजाना गोबर लेकर रेलवे लाइन के पास डालने जाता था। इसी बात को लेकर रमेश से उसका विवाद हुआ था। इसके बाद कुछ दिन पहले जीवन अपनी डेयरी में खोर (हौद) बनवा रहा था। इस दौरान भी दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया था। आरोप है कि इस दौरान दोनों पक्षों में मारपीट हुई और रमेश पक्ष के लोगों ने जीवन की पत्नी अमन पर बरछी से हमला कर दिया था। मामले में पुलिस ने रमेश के खिलाफ केस दर्ज किया था।
Source link
हिसार के जीवन कुंडू हत्याकांड में 2 आरोपी गिरफ्तार:मास्टरमाइंड गजू पंडित समेत साथी पकड़ा, महापंचायत में टोल फ्री-CM के विरोध की दी थी चेतावनी
