![]()
चंडीगढ़ पुलिस के ऑपरेशन सेल ने राजस्थान से चंडीगढ़ तक अवैध हथियार पहुंचाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। इंस्पेक्टर हरिंदर सेखों की अगुवाई में हुई कार्रवाई में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों से अब तक 6 अवैध हथियार, 19 कारतूस और 2 मैगजीन बरामद की गई हैं। जांच में हथियारों की खरीद के लिए चंडीगढ़ से राजस्थान भेजे गए करीब 2 लाख रुपए के लेनदेन का भी पता चला है। यह नेटवर्क राजस्थान से अवैध हथियार खरीदकर उन्हें चंडीगढ़ में अपराधियों और गैंगस्टरों तक पहुंचा रहा था। पूछताछ में एक आरोपी ने खुलासा किया कि हथियार मध्य प्रदेश के एक व्यक्ति से खरीदे जाते थे। इसके बाद इन्हें राजस्थान के रास्ते चंडीगढ़ लाकर स्थानीय लोगों को सप्लाई किया जाता था। आरोपी ने करीब 10 से 12 अवैध हथियार चंडीगढ़ पहुंचाने की बात भी बताई है। बैंक खाते की जांच से खुला नेटवर्क एसपी गीतांजली ने बतायाऑपरेशन सेल को सूचना मिली थी कि राजस्थान में सक्रिय एक गिरोह चंडीगढ़ के अपराधियों को अवैध हथियार सप्लाई कर रहा है। इसके बदले चंडीगढ़ से राजस्थान में ऑनलाइन पैसे भेजे जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने राजस्थान के गुरचरण सिंह उर्फ जीसी को पकड़ा। उसके बैंक खातों की जांच की गई तो सामने आया कि चंडीगढ़ के गुरबचन सिंह उर्फ गुरी ने हथियारों के सौदे के बदले करीब 2 लाख रुपये उसके खाते में भेजे थे। बैंक लेनदेन और पूछताछ से पुलिस को इस अंतरराज्यीय नेटवर्क की अहम जानकारी मिली। 8 अगस्त को चंडीगढ़ से गुरी गिरफ्तार गुरचरण सिंह से पूछताछ के बाद पुलिस ने 8 अगस्त को गुरबचन सिंह उर्फ गुरी, निवासी सेक्टर-38, चंडीगढ़ को उसके घर से गिरफ्तार किया। वह 31 वर्ष का है और डीएमसी में कंप्यूटर सेंटर चलाता है। पुलिस के मुताबिक, उसके खिलाफ पहले कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं था। उसके कब्जे से एक स्वचालित पिस्तौल और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। राजस्थान से नेटवर्क की दूसरी परत खुली 10 अगस्त को पुलिस टीम ने जांच से मिले सुराग के आधार पर राजस्थान के भरतपुर में कार्रवाई की। यहां पुष्पिंदर उर्फ भूरा को गिरफ्तार किया गया। वह भरतपुर के नदबई क्षेत्र का रहने वाला है। पुष्पिंदर की निशानदेही पर पुलिस ने एक देसी पिस्तौल, 3 जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की। पुलिस के अनुसार, आरोपी पर हत्या के प्रयास का एक और झगड़े व हथियार से जुड़े चार मामले पहले से दर्ज हैं। उसकी निशानदेही पर गुरचरण सिंह उर्फ जीसी से भी एक देसी पिस्तौल, 3 जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की गई। धनास से सरवन उर्फ सोली गिरफ्तार जांच आगे बढ़ी तो पुलिस ने सरवन उर्फ सोली, निवासी धनास, चंडीगढ़ को 10 अगस्त को गिरफ्तार किया। 33 वर्षीय सरवन नगर निगम में माली के तौर पर काम करता है। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ पहले जुआ और झगड़े का एक-एक मामला दर्ज है। पुलिस ने राजस्थान के कोटा जिले के उमेदगंज निवासी 25 वर्षीय लोकश मीणा को गिरफ्तार किया। वह मजदूरी करता है और आठवीं कक्षा तक पढ़ा है। पूछताछ में लोकश ने पुलिस को बताया कि वह और गुरचरण सिंह उर्फ जीसी मध्य प्रदेश में ‘पाजी’ नाम के व्यक्ति से अवैध हथियार खरीदते थे। इसके बाद हथियारों को चंडीगढ़ लाकर गुरबचन सिंह उर्फ गुरी और उसके साथियों को सप्लाई किया जाता था। पुलिस के अनुसार, लोकश ने पूछताछ में करीब 10 से 12 अवैध हथियार चंडीगढ़ पहुंचाने की बात बताई है। उसके खिलाफ स्थानीय थाने में हत्या के प्रयास, हथियार अधिनियम और झगड़े से जुड़े मामले पहले भी रहे हैं। उसकी निशानदेही पर एक देसी कट्टा और 2 कारतूस बरामद किए गए।
Source link
चंडीगढ़ में अवैध हथियारों समेत 5 तस्कर अरेस्ट:राजस्थान-मध्य प्रदेश तक जुड़े तार, 19 कारतूस-2 मैगजीन बरामद; बैंक खाते से नेटवर्क का खुलासा
