![]()
हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर बुधवार को प्रदेशभर में श्रद्धांजलि दी गई। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर लोक निर्माण एवं शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान, विधायक हरीश जनार्था, कांग्रेस पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर शहरी विकास मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह का जीवन प्रदेश के विकास और जनसेवा के लिए समर्पित था। उन्होंने बताया कि कुछ दिन पूर्व उनकी जयंती पर भी कार्यक्रम हुए थे, और अब पुण्यतिथि पर उनके दिखाए विकास के मार्ग पर चलने का संकल्प दोहराया गया है। पूर्व सीएम ने हिमाचल के विकास को नई दिशा दी : विक्रमादित्य विक्रमादित्य सिंह ने आगे कहा कि राजा वीरभद्र सिंह ने अपने लंबे राजनीतिक जीवन में हिमाचल को विकास की नई दिशा प्रदान की। आईजीएमसी का विस्तार, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज टांडा की स्थापना, तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क और बुनियादी ढांचे के क्षेत्र में उनके कार्य आज भी प्रदेश के विकास की मजबूत नींव हैं। उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान सरकार भी मेडिकल, शैक्षणिक, तकनीकी और व्यावसायिक संस्थानों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि हिमाचल आत्मनिर्भरता की ओर तेजी से बढ़ सके। राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेशहित सर्वोपरि रखा उन्होंने बताया कि राजा वीरभद्र सिंह ने हमेशा दलगत राजनीति से ऊपर उठकर प्रदेशहित को सर्वोपरि रखा। उनका विकास मॉडल आज भी नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत है। वर्तमान सरकार उनके अधूरे सपनों को साकार करने के लिए लगातार प्रयासरत है। इस बीच, मंडी में जिला कांग्रेस कमेटी ने गांधी भवन में स्वर्गीय राजा वीरभद्र सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। जिला कांग्रेस अध्यक्ष चंपा ठाकुर ने इस अवसर पर कहा कि राजा वीरभद्र सिंह हिमाचल के विकास पुरुष और जननायक थे। उन्होंने बताया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके बताए विकास, जनसेवा और समर्पण के मार्ग पर चलने का संकल्प लिया और उनके योगदान को सदैव स्मरण रखने की बात कही।
Source link
हिमाचल में पूर्व सीएम वीरभद्र सिंह को दी श्रद्धांजलि:पांचवीं पुण्यतिथि मनाई, मंत्री विक्रमादित्य बोले- हमेशा प्रदेश हित को सर्वोपरि रखा
