Headlines

समस्तीपुर में तिरंगा यात्रा में शामिल हुए नित्यानंद राय:बोले- देश के प्रति आज भी लोगों के दिलों में उतना ही प्रेम और समर्पण, जितना आजादी के वक्त था




समस्तीपुर में शुक्रवार को कई स्थानों पर तिरंगा यात्रा निकाली गई। भाजपा कार्यकर्ता के साथ ही जिला प्रशासन की ओर से भी तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। उजियारपुर संसदीय क्षेत्र में 15 किलोमीटर तिरंगा यात्रा निकाली गई जिसमें केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय शामिल हुए। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत मदुदाबाद स्थित डाकबंगला से करीब 15 किलोमीटर लंबी भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। हाथों में लहराता तिरंगा, जुबां पर भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष ने पूरे मार्ग को देशभक्ति के उत्सव में बदल दिया। यात्रा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, मोहिउद्दीन नगर विधायक राजेश कुमार सिंह, रोसड़ा विधायक वीरेंद्र कुमार, विधान पार्षद तरुण कुमार चौधरी, भाजपा समस्तीपुर दक्षिणी जिलाध्यक्ष शशिधर झा समेत बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, युवा, पूर्व सैनिक और आम नागरिक शामिल हुए। सड़क पर दूर तक केवल तिरंगा ही तिरंगा नजर आया मदुदाबाद डाकबंगला से शुरू हुई यात्रा तिरंगा लहराते हुए पटोरी अनुमंडल क्षेत्र में स्थित शहीद नायक भगत सिंह की प्रतिमा स्थल तक पहुंची। हजारों कदम एक साथ बढ़े तो सड़क पर दूर तक केवल तिरंगा ही तिरंगा नजर आया। जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया और देशभक्ति के नारों से माहौल गूंजता रहा। यात्रा को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर देशभर में ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं, पूर्व सैनिकों, कार्यकर्ताओं और आम लोगों की बड़ी भागीदारी यह साबित करती है कि देश के प्रति प्रेम और समर्पण आज भी लोगों के दिलों में उतना ही मजबूत है। उन्होंने कहा कि तिरंगा भारत की एकता, अखंडता, गौरव और वीर बलिदानों का प्रतीक है। स्वतंत्रता सेनानियों और वीर योद्धाओं की गाथा को नई पीढ़ी तक पहुंचाना और युवाओं के भीतर राष्ट्रभक्ति की भावना को और मजबूत करना ऐसे आयोजनों का उद्देश्य है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से स्वतंत्रता दिवस पर अपने-अपने घरों पर तिरंगा लगाने की अपील करते हुए कहा कि ‘हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव व्यक्त करने का संकल्प है। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने भी तिरंगे का स्वागत किया करीब 15 किलोमीटर तक चली इस यात्रा में युवाओं का जोश और कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सड़क के दोनों ओर खड़े लोगों ने भी तिरंगे का स्वागत किया। जैसे-जैसे यात्रा आगे बढ़ती गई, देशभक्ति का उत्साह और गहराता गया। मदुदाबाद से पटोरी तक का पूरा मार्ग मानो तिरंगे की शान, वीरों के सम्मान और भारत माता के जयघोष का साक्षी बन गया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *