Headlines

संभल में आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत:चारा लेने गई थीं, बारिश से पहले गिरी बिजली




संभल में शुक्रवार सुबह 10 बजे आकाशीय बिजली गिरने से 45 साल की महिला की मौत हो गई। वह महिलाओं के साथ पशुओं के लिए चारा लेने जंगल गई थीं। बिजली की चपेट में आने से महिला मौके पर ही झुलस गईं। परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मामला बबराला थाना क्षेत्र का है। बारिश से पहले गिरी आकाशीय बिजली हादसा मेहुआ हसनगंज गांव से करीब एक किलोमीटर दूर जंगल में हुआ। गांव निवासी भगवान सिंह की पत्नी शीला देवी सुबह करीब 9 बजे अन्य महिलाओं के साथ चारा लेने खेतों की ओर गई थीं। सभी महिलाएं जंगल में चारा इकट्ठा कर रही थीं, तभी अचानक मौसम बदल गया और तेज बारिश शुरू हो गई। तेज गर्जना के साथ बिजली गिरी महिलाएं बारिश से बचने के लिए सुरक्षित स्थान की ओर जाने की तैयारी कर रही थीं। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ अचानक आकाशीय बिजली गिर गई। इसकी चपेट में आने से शीला देवी गंभीर रूप से झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। अस्पताल ले गए परिजन घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। शीला देवी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। बबराला थाना प्रभारी लवनीश चौधरी ने बताया कि बारिश के दौरान आकाशीय बिजली गिरने से महिला की मौत की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। एसडीएम अवधेश कुमार सिंह ने लेखपाल और नायब तहसीलदार को गांव भेजा है। उन्होंने बताया कि घटना की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर उच्च अधिकारियों को भेजी जाएगी। इसके आधार पर आपदा राहत योजना के तहत पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *