![]()
सहरसा में भाजपा ने शुक्रवार को विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया। इस अवसर पर जिला परिषद परिसर स्थित पूजा रिसोर्ट में एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसके बाद एक तिरंगा यात्रा निकाली गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री भैरवानंद झा ने किया। संगोष्ठी को संबोधित करते हुए बिहार के पूर्व मंत्री डॉ. आलोक रंजन ने 14 अगस्त 1947 को भारतीय इतिहास का एक दुखद अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि इस दिन देश का विभाजन हुआ, जिससे लाखों लोगों को विस्थापन, हिंसा और अपार पीड़ा झेलनी पड़ी। स्मृति दिवस का उद्देश्य त्रासदी के पीड़ितों को श्रद्धांजलि देना और नई पीढ़ी को उस दौर की सच्चाइयों से अवगत कराना है। उन्होंने देश की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता को मजबूत रखने का आह्वान किया। पूर्व प्रदेश मंत्री एवं पिछड़ा आयोग के सदस्य स्वदेश कुमार यादव ने विभाजन की पीड़ा को कभी न भूलने वाला बताया, जिसमें असंख्य लोगों ने अपना घर, परिवार और संपत्ति खो दी। प्रदेश मंत्री दिवाकर सिंह ने कहा कि विभाजन की विभीषिका को याद करना किसी समुदाय के प्रति वैमनस्य पैदा करना नहीं, बल्कि इतिहास से सीख लेना है। भाजपा जिलाध्यक्ष साजन शर्मा ने कार्यक्रम का उद्देश्य राष्ट्र की एकता, अखंडता और सामाजिक समरसता के संकल्प को मजबूत करना बताया। कार्यक्रम संयोजक एवं जिला उपाध्यक्ष राजीव रंजन साह ने कहा कि तिरंगा यात्रा के माध्यम से राष्ट्र की एकता, गौरव और अखंडता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया गया। संगोष्ठी को पूर्व जिलाध्यक्ष नीरज गुप्ता, मदन प्रसाद चौधरी, माधव जी, संजीव भगत, अमीर राम, शशि शेखर झा, सम्राट, अरविंद कुमार सिंह और शिव भूषण सिंह सहित अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। संगोष्ठी के बाद दोपहर दो बजे जिला परिषद परिसर से तिरंगा यात्रा निकाली गई। यह यात्रा थाना चौक, वीर कुंवर सिंह चौक, डीबी रोड और अंबेडकर चौक होते हुए पटेल मैदान पहुंचकर संपन्न हुई। हाथों में तिरंगा लिए कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष के साथ राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया। यात्रा में भाजपा पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मंडल अध्यक्ष, विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।
Source link
भाजपा ने विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस मनाया:सहरसा में संगोष्ठी, तिरंगा यात्रा निकाला
