![]()
मेवाड़ के प्रसिद्ध कृष्णधाम श्री सांवलियाजी मंदिर में इस बार भी भक्तों की आस्था करोड़ों रुपए के दान के रूप में सामने आ रही है। मंदिर की भंडार दानपेटी की काउंटिंग लगातार जारी है। शुक्रवार को तीन राउंड पूरे होने के बाद अब तक 24 करोड़ 80 लाख 10 हजार 100 रुपए कैश दानराशि सामने आ चुकी है। यह सिर्फ दानपेटी में मिले नकद रुपयों की गिनती है। ऑनलाइन दान, भेंट कक्ष में जमा हुई राशि की गिनती और सोना-चांदी का तौल अभी बाकी है। ऐसे में अंतिम आंकड़ा और भी बड़ा होने की संभावना है। मंदिर मंडल के अनुसार चौथा राउंड 17 अगस्त को होगा। इसमें बची हुई नकद राशि की काउंटिंग पूरी की जाएगी। सांवलिया सेठ का खजाना.. तीसरे राउंड में मिले 6.22 करोड़, कुल आंकड़ा 24.80 करोड़ मंदिर मंडल के अनुसार श्रावण मास कृष्ण पक्ष चतुर्दशी पर 11 अगस्त को भंडार दानपेटी खोली गई थी। पहले राउंड में 11 करोड़ 1 लाख 51 हजार रुपये की गिनती हुई। इसके अगले दिन अमावस्या होने के कारण काउंटिंग नहीं की गई। फिर 13 अगस्त को दूसरे राउंड में 7 करोड़ 56 लाख 44 हजार रुपये मिले। शुक्रवार को हुए तीसरे राउंड में 6 करोड़ 22 लाख 15 हजार 100 रुपये की नकद राशि सामने आई। तीनों राउंड को मिलाकर अब तक 24 करोड़ 80 लाख 10 हजार 100 रुपये की गिनती पूरी हो चुकी है। मंदिर प्रशासन का कहना है कि अभी दानपेटी में बची नकद राशि की काउंटिंग बाकी है। अभी बाकी है ऑनलाइन दान, भेंट कक्ष की राशि और सोना-चांदी की गिनती मंदिर प्रशासन के अनुसार- हर बार की तरह इस बार भी इनकी काउंटिंग और तौल अलग से की जाएगी। इसके बाद ही इस बार के भंडार का पूरा आंकड़ा सामने आएगा।
Source link
सांवलियाजी के भंडार से 3 राउंड में निकले 24.80 करोड़:ऑनलाइन दान की गिनती, सोना-चांदी का तौल बाकी; चौथा राउंड 17 को
