Headlines

विद्यार्थियों के सम्मान के साथ हुआ मेगा रक्तदान शिविर, डीसी-एसपी ने सराहा




झारखंड औषधालय परिसर में जेएच हर्बो शाइन की ओर से गुरुवार को हाजी कबीरूद्दीन अंसारी मेमोरियल शैक्षणिक प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा, प्रतिभा सम्मान और सामाजिक सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। जिले के विभिन्न बोर्डों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। वहीं मेगा रक्तदान शिविर का भी आयोजन हुआ, जिसका उद्घाटन मुख्य अतिथि डीसी संदीप कुमार मीणा व पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थी, अभिभावक, शिक्षाविद, सामाजिक कार्यकर्ता व गणमान्य लोग शामिल हुए। इस अवसर पर जेएच हर्बो शाइन के सीएमडी डॉ. शाहनवाज अहमद व डायरेक्टर इम्तियाज अहमद ने मुख्य अतिथियों सहित सभी विशिष्ट अतिथियों का बुके व शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया। स्वागत भाषण में डॉ. शाहनवाज अहमद ने कहा कि जेएच हर्बो शाइन केवल स्वास्थ्य सेवाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और मानव सेवा को भी अपनी प्राथमिकता मानता है। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय हाजी कबीरूद्दीन अंसारी का सपना था कि समाज में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बेहतर कार्य हो। उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान और रक्तदान जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में संस्था राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सेवा कार्यों का विस्तार करेगी। मुख्य अतिथि उपायुक्त संदीप कुमार मीणा ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि प्रारंभ में उन्हें लगा था कि यह किसी छोटे स्तर के संस्थान का कार्यक्रम होगा, लेकिन यहां पहुंचकर इसकी व्यापकता और सामाजिक उद्देश्य देखकर वे प्रभावित हुए। पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिजवी ने कहा कि मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समाज को सकारात्मक दिशा देता है। उन्होंने जेएच हर्बो शाइन की इस पहल को समाज के लिए प्रेरणादायक बताया। समारोह में जैक, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। संस्था के डायरेक्टर इम्तियाज अहमद ने भावुक होकर कहा कि उनके पिता स्वर्गीय हाजी कबीरूद्दीन अंसारी का सपना था कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में समाज के लिए कुछ अलग और स्थायी कार्य किया जाए। आज उसी सपने को साकार करने की दिशा में यह आयोजन किया है। सफल आयोजन में मैनेजर इश्तियाक अहमद, नाजीश खानम, सौरव, नीलम तिर्की, प्रियंका स्मृति कुजूर, ललिता सोरेंग, श्वेता सिंह, आफताब खान, जीशान अकरम, शोएब अंसारी, आमिर अफनान, आबिद हुसैन रजा सहित संस्था के सभी सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *