Headlines

मथुरा शहर तिरंगा रोशनी से जगमगाया:चौराहे और मंदिर पर लाइटिंग, केसरिया-सफेद-हरे रंग में नहाई कान्हा की नगरी




मथुरा में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को कान्हा की नगरी मथुरा-वृंदावन तिरंगे के रंग में रंगी नजर आई। शहर के तिराहे-चौराहों, सरकारी इमारतों और पुरातत्व विभाग के अधीन मंदिरों को तिरंगा लाइटिंग से सजाया गया। शाम होते ही केसरिया, सफेद और हरे रंग की रोशनी से जगमगाते शहर की खूबसूरती देखते ही बन रही थी। तिरंगे की रोशनी में नहाए चौराहों को देखकर लोगों में देशभक्ति का उत्साह नजर आया। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस को लेकर शहर में जगह-जगह सजावट की गई है। कहीं ध्वजारोहण की तैयारी चल रही है तो कहीं तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। इसी क्रम में मथुरा-वृंदावन के प्रमुख तिराहे और चौराहे तिरंगा रोशनी से सजाए गए हैं। चौराहों पर तिरंगे के तीनों रंगों की लाइटिंग के साथ केसरिया, सफेद और हरे कपड़ों से भी सजावट की गई है। रात में रोशनी शुरू होते ही पूरा शहर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। तस्वीरें देखिए… मथुरा के इन चौराहों पर हुई सजावट मथुरा में योद्धा चौक, स्टेट बैंक चौराहा, भूतेश्वर तिराहा, डीग गेट चौराहा, मसानी चौराहा, होली गेट और कृष्णापुरी तिराहा को तिरंगा लाइटिंग से सजाया गया है। वहीं वृंदावन में हरि निकुंज चौराहा, रंगजी चौराहा और प्रेम मंदिर तिराहा तिरंगे की रोशनी से जगमगा रहे हैं। मंदिरों पर भी तिरंगा लाइटिंग आजादी के जश्न में धार्मिक और ऐतिहासिक स्थलों को भी शामिल किया गया है। पुरातत्व विभाग के अधीन गोविंद देव मंदिर और मदन मोहन मंदिर को आकर्षक तिरंगा रोशनी से सजाया गया है। इसके अलावा शहर की कई सरकारी इमारतों पर भी तिरंगा लाइटिंग की गई है। रात में रोशनी से जगमगाते इन स्थलों की तस्वीरें लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर रही हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *