![]()
कानपुर एयरपोर्ट पर 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, उमंग और देशभक्ति के जज्बे के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर एयरपोर्ट परिसर में आयोजित समारोह में तिरंगा शान से लहराया तो पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग गया। अधिकारियों, कर्मचारियों और CISF जवानों ने उत्साह के साथ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। समारोह का शुभारंभ कानपुर एयरपोर्ट के विमानपत्तन निदेशक प्रदीप यादव ने ध्वजारोहण कर किया। तिरंगा फहराते ही परिसर में ‘वंदे मातरम्’ और राष्ट्रगान की गूंज सुनाई दी। इस दौरान मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर देश की एकता, अखंडता और प्रगति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। स्वतंत्रता दिवस समारोह में भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण, इंडिगो और CISF के कर्मचारियों ने देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल में जोश भर दिया। देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियों ने मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया। एयरपोर्ट परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समारोह का सबसे खास आकर्षण CISF के जवानों का कराटे प्रदर्शन और डॉग शो रहा। जवानों ने अपने शौर्य, साहस और प्रशिक्षण का शानदार प्रदर्शन किया। रोमांचक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रशिक्षित डॉग्स ने भी अपनी दक्षता का प्रदर्शन कर सभी का ध्यान खींचा। जवानों की प्रस्तुतियों के बाद दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर एयरपोर्ट निदेशक प्रदीप यादव ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि आजादी हमें अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग और जिम्मेदार बनाती है। कानपुर एयरपोर्ट की पूरी टीम यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित, सुविधाजनक और सुगम यात्रा अनुभव देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से टीम भावना के साथ काम करते हुए एयरपोर्ट की सेवाओं और यात्री सुविधाओं को और बेहतर बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा एयरपोर्ट प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। समारोह के समापन पर अधिकारियों, कर्मचारियों और CISF कर्मियों ने राष्ट्र की एकता, अखंडता और प्रगति के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पूरे कार्यक्रम के दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष से कानपुर एयरपोर्ट परिसर देशभक्ति के जोश से गूंजता रहा।
Source link
कानपुर एयरपोर्ट पर शान से लहराया तिरंगा:स्वतंत्रता दिवस पर कराटे और डॉग शो का प्रदर्शन
