Headlines

17 जुलाई को जींद पहुंचेंगे प्रधानमंत्री मोदी:देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को दिखाएंगे हरी झंडी; मंत्री अरविंद शर्मा ने ली कार्यकर्ताओं की बैठक




हरियाणा के जींद में 17 जुलाई को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का प्रस्तावित दौरा राज्य के लिए ऐतिहासिक माना जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन को जींद-गोहाना-सोनीपत रेलखंड पर हरी झंडी दिखाने के साथ-साथ विभिन्न विकास परियोजनाओं का भी शुभारंभ करेंगे। इसी कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर बुधवार को गोहाना स्थित लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह में हरियाणा के सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत एवं पर्यटन मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठक ली। बैठक में कार्यक्रम को सफल बनाने, अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने और निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से चलाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। पहली हाइड्रोजन ट्रेन के शुभारंभ को बताया ऐतिहासिक बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आधुनिक और पर्यावरण अनुकूल परिवहन व्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की पहली हाइड्रोजन ट्रेन का जींद-गोहाना-सोनीपत रेलखंड पर शुभारंभ भारतीय रेलवे के इतिहास में एक नया अध्याय जोड़ेगा। यह उपलब्धि केवल हरियाणा ही नहीं बल्कि पूरे देश के लिए गर्व का विषय है। कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक लोगों को जींद पहुंचाने का आह्वान डॉ. अरविंद शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे 17 जुलाई को होने वाली विशाल जनसभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ निभाए ताकि प्रधानमंत्री का कार्यक्रम ऐतिहासिक और सफल बन सके। उन्होंने संगठन की मजबूती और जनसंपर्क बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया। एसआईआर अभियान की समीक्षा, पात्र मतदाताओं तक पहुंचने के निर्देश बैठक में विधानसभा क्षेत्र में चल रहे निर्वाचन आयोग के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान की भी समीक्षा की गई। मंत्री ने कहा कि पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, त्रुटियों के सुधार और आवश्यक दस्तावेजों की प्रक्रिया को पूरी गंभीरता से आगे बढ़ाया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक अभियान तेज करने और पात्र मतदाताओं को समय पर आवेदन करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए। घर-घर संपर्क कर अभियान सफल बनाने की अपील डॉ. अरविंद शर्मा ने स्पष्ट कहा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए। इसके लिए प्रत्येक कार्यकर्ता घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करे और आवश्यक दस्तावेजों के साथ आवेदन करवाने में सहयोग करे। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी जरूरी है। बैठक में डॉ. रीटा शर्मा, मंडल अध्यक्ष प्रवीण खुराना, अरुण बड़ौक, सुमित कक्कड़, हरकेश सरपंच, मोहन कश्यप, सोनू पंच, सुभाष सैनी सहित भाजपा के कई पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *