![]()
बहराइच में घाघरा नदी का जलस्तर बढ़ने से मझारा तौकली क्षेत्र में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। सोमवार दोपहर जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने फखरपुर विकासखंड के प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। दोनों अधिकारियों ने ग्राम मिर्जा पकड़िया और अर्जुनपुरवा पहुंचकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और प्रशासन की ओर से किए जा रहे इंतजामों की जानकारी दी। प्रशासन अलर्ट, लगातार निगरानी के निर्देश
डीएम ने बताया कि घाघरा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। तहसील प्रशासन समेत संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी प्रभावित व संभावित क्षेत्रों का लगातार दौरा कर स्थिति पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से सावधानी बरतने की अपील की। साथ ही बच्चों को नदी, नालों और जलभराव वाले स्थानों से दूर रखने के निर्देश दिए।
चेतावनी मिलते ही सुरक्षित स्थान पर जाएं
जिलाधिकारी ने ग्रामीणों से कहा कि प्रशासन की ओर से किसी तरह की सूचना या चेतावनी मिलने पर बिना देरी किए चिन्हित सुरक्षित स्थानों पर पहुंचें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। बाढ़ या जलभराव से प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। राहत-बचाव की तैयारियां दुरुस्त रखने के निर्देश
डीएम ने तहसील प्रशासन को संभावित बाढ़ को देखते हुए सभी जरूरी तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में अधिकारियों की लगातार मौजूदगी सुनिश्चित करने और राहत एवं बचाव कार्यों के लिए सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बाढ़ या जलभराव से किसी व्यक्ति या परिवार के प्रभावित होने की सूचना मिलते ही उसे तत्काल आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए। समस्या होने पर तत्काल सूचना देने की अपील
प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और किसी भी तरह की समस्या होने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने की अपील की है। निरीक्षण के दौरान कैसरगंज के उप जिलाधिकारी प्रशांत कुमार नायक, तहसीलदार समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
Source link
घाघरा के बढ़े जलस्तर को लेकर प्रशासन अलर्ट:डीएम-एसपी ने तटवर्ती गांवों का दौरा किया, हालात का जायजा लिया
