Headlines

मंडी में जयराम ने सुक्खू सरकार को घेरा:बोले- प्रियंका गांधी के उद्घाटन के इंतजार में 9 महीने बंद रहा स्कूल, बच्चे भटके




हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पर प्रदेश के संसाधनों और सरकारी मशीनरी के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। मंडी से जारी बयान में उन्होंने कहा कि द्रंग विधानसभा क्षेत्र के देयोरी में नौ महीने पहले तैयार हो चुके एक स्कूल भवन का उद्घाटन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी से करवाने के लिए उसे बंद रखा गया, जबकि विद्यार्थी किराए के भवन में पढ़ाई करने को मजबूर रहे। जयराम ठाकुर ने बताया कि 6 जुलाई को शिक्षा मंत्री उक्त स्कूल भवन का उद्घाटन करने देयोरी पहुंचे थे। कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए और उद्घाटन पट्टिका भी लगा दी गई थी, लेकिन अंतिम समय में शिक्षा मंत्री को भवन का लोकार्पण करने से रोक दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भवन को प्रियंका गांधी के उद्घाटन के लिए सुरक्षित रखा गया था। नेता प्रतिपक्ष बोले- छात्र-छात्राएं किराए के मकान में पढ़ाई कर रहे नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि नौ महीने से भवन तैयार होने के बावजूद छात्र-छात्राएं किराए के मकान में पढ़ाई कर रहे हैं। उनके अनुसार चार कमरों में सात कक्षाएं संचालित की जा रही थीं, जबकि नया बहुमंजिला स्कूल भवन उपयोग से बाहर पड़ा रहा। उन्होंने प्रदेश में आपदाओं के कारण क्षतिग्रस्त हुए स्कूल भवनों का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना है कि कई विद्यालय आज भी जर्जर भवनों, किराए के कमरों या खुले स्थानों पर संचालित हो रहे हैं। जयराम ठाकुर ने सरकार से पूछा कि आपदाओं में कितने स्कूल और अस्पताल भवन प्रभावित हुए, कितने भवनों की मरम्मत हुई और पुनर्निर्माण के लिए अब तक कितनी राशि जारी की गई है। उन्होंने सरकार से इस संबंध में स्पष्ट जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *