UPSSSC Junior Assistant Protest | Lucknow Pickup Bhawan Result Delay


लखनऊ4 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UPSSSC) की जूनियर असिस्टेंट के 5512 पदों की भर्ती को लेकर मंगलवार को अभ्यर्थियों का गुस्सा सड़क पर दिखाई दिया। राजधानी में हो रही भारी बारिश के बीच बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गोमतीनगर स्थित पिकप भवन के बाहर पहुंच गए और भर्ती का परिणाम जारी करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में वर्षों बीत चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें अंतिम परिणाम और नियुक्ति का इंतजार करना पड़ रहा है।

प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने हाथों में भर्ती की पूरी टाइमलाइन लिखे पोस्टर लेकर आयोग से जल्द परिणाम जारी करने की मांग की। बारिश के बावजूद अभ्यर्थी पिकप भवन के बाहर डटे रहे। उनका कहना था कि वे लंबे समय से इस भर्ती प्रक्रिया का हिस्सा हैं और हर चरण पूरा करने के बाद अब परिणाम के लिए भटक रहे हैं।

2022 से शुरू हुई भर्ती, चार साल में कई चरण पूरे

अभ्यर्थियों के हाथ में मौजूद टाइमलाइन के मुताबिक जूनियर असिस्टेंट के 5512 पदों की भर्ती प्रक्रिया लंबी खिंचती चली गई। पोस्टर में सबसे पहले अक्टूबर 2022 में UPSSSC PET, इसके बाद 4 अगस्त 2022 को भर्ती विज्ञापन, 24 मार्च 2024 को शॉर्टलिस्टिंग और 29 जून 2024 को लिखित परीक्षा का उल्लेख है।

इसके बाद आयोग की ओर से 7 अक्टूबर 2025 को टाइपिंग की कटऑफ और 8 अक्टूबर 2025 को टाइपिंग परीक्षा की तारीख जारी की गई। टाइपिंग परीक्षा 23 नवंबर से 17 दिसंबर 2025 तक चली।

टाइपिंग के बाद परिणाम, फिर दस्तावेज सत्यापन

अभ्यर्थियों की ओर से लगाए गए पोस्टर में टाइपिंग परीक्षा के बाद 25-26 फरवरी 2026 को परिणाम जारी होने का उल्लेख किया गया है। इसके बाद 8 मई 2026 से 8 जुलाई 2026 तक दस्तावेज सत्यापन का चरण पूरा होने की जानकारी दी गई है।

अभ्यर्थियों का सवाल है कि जब भर्ती प्रक्रिया के लगभग सभी प्रमुख चरण पूरे हो चुके हैं तो अंतिम परिणाम जारी करने में अब और कितना समय लगेगा। उनका कहना है कि लंबे समय से तैयारी और परीक्षा प्रक्रिया में समय लगाने के बाद अब नियुक्ति का इंतजार बढ़ता जा रहा है।

बारिश में भी नहीं पीछे हटे अभ्यर्थी

मंगलवार को लखनऊ में तेज बारिश के बीच अभ्यर्थियों का प्रदर्शन जारी रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बारिश और खराब मौसम के बावजूद वे अपनी मांग को लेकर आयोग के सामने पहुंचे हैं। अभ्यर्थियों ने आयोग से भर्ती का अंतिम परिणाम जल्द जारी करने और नियुक्ति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने की मांग की।

अभ्यर्थियों का कहना है कि 5512 पदों की भर्ती को चार साल से अधिक समय बीत चुका है। लिखित परीक्षा, टाइपिंग और दस्तावेज सत्यापन जैसे चरण पूरे होने के बाद भी अंतिम परिणाम का इंतजार उनकी परेशानी बढ़ा रहा है। अब वे आयोग से स्पष्ट समयसीमा के साथ परिणाम जारी करने की मांग कर रहे हैं।

UPSSSC की भर्ती प्रक्रिया में जूनियर असिस्टेंट के 5512 पद शामिल थे और चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा, टाइपिंग टेस्ट तथा दस्तावेज सत्यापन जैसे चरण शामिल रहे हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *