Headlines

निजी संस्थान की टीचर ने फंदा लगाकर की आत्महत्या:किराए के मकान में रहती थी, पति जमीन के काम के सिलसिले में गांव गया हुआ था




डूंगरपुर शहर में एक निजी संस्थान की टीचर ने किराए के मकान में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कोतवाली थाना इलाके के प्रताप नगर क्षेत्र की है। महिला का पति गांव गया हुआ था। आत्महत्या के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। कोतवाली थाने के एसआई भंवर सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान बेगूं, चित्तौड़गढ़ निवासी निकिता शर्मा के रूप में हुई है। वह डूंगरपुर स्थित ‘तपस संस्थान’ में टीचर थीं और अपने पति गौतम कटारा के साथ प्रताप नगर में किराए के कमरे में रहती थीं। निकिता के पति गौतम कटारा ने पुलिस को दी रिपोर्ट में बताया कि वह 13 अगस्त को जमीन से जुड़े काम के सिलसिले में अपने गांव चनोरा गया था। 17 अगस्त की शाम लगभग 6:30 बजे गौतम ने अपनी पत्नी निकिता को फोन किया, लेकिन उसने कॉल नहीं उठाया। लगातार फोन नहीं उठने पर गौतम ने डूंगरपुर में मौजूद विजय चतुर्वेदी को स्थिति का पता लगाने के लिए कहा। जब विजय चतुर्वेदी कमरे पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। शक होने पर उन्होंने खिड़की से अंदर झांककर देखा। रसोई में हुक से बंधी साड़ी का फंदा बनाकर निकिता फंदी पर लटकी हुई थीं। विजय ने तुरंत इसकी सूचना गौतम और निकिता के परिजनों को दी, जिसके बाद स्थानीय पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खोलकर शव को नीचे उतारा और डूंगरपुर के जनरल अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *