Headlines

IAS Tukaram Mundhe Story; Shahrukh Khan Pan Masala Ad – Analogue Paneer


मुंबई के एक पॉश रेस्टोरेंट के फोन की घंटी बजी। टेबल बुक करने के लिए सामान्य कॉल थी, लेकिन मैनेजर का चेहरा उतर गया। बुकिंग तुकाराम मुंढे के नाम से थी।

.

इसके बाद रेस्टोरेंट के किचन में हर चीज दोबारा चेक होने लगी। स्टोररूम की सफाई, फ्रिज का तापमान, सामान की एक्सपायरी डेट। मैनेजर ने अपने संपर्कों को भी कॉल लगाना शुरू कर दिया।

इधर तुकाराम मुंढे के पास भी एक दोस्त का फोन पहुंचा- ‘क्या तुमने रेस्टोरेंट में बुकिंग की है?’ मुंढे हैरान होकर जवाब देते हैं, ‘नहीं, लेकिन आज मेरे बेटे का जन्मदिन है। शायद उसने अपने दोस्तों के लिए टेबल बुक की होगी।’

ये किस्सा खुद मुंढे ने एक इंटरव्यू में सुनाया।

तुकाराम मुंढे ने महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन यानी FDA कमिश्नर बनने के 3 महीने के भीतर 1100 से ज्यादा छापे मारे और 165 लाइसेंस सस्पेंड किए। पूरे प्रदेश में नकली पनीर पर बैन लगाया। हाईकोर्ट की अपनी कैंटीन तक नहीं बख्शी।

अब सीधे बॉलीवुड के तीन बड़े सितारों शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को विमल के ऐड के लिए नोटिस जारी किया है। सोशल मीडिया पर इन्हें ‘रियल लाइफ सिंघम’ का टैग दिया जा रहा है।

आज के एक्सप्लेनर में IAS तुकाराम मुंढे की पूरी कहानी, जिनकी 21 साल की सर्विस में 25 तबादले हो चुके हैं…

महाराष्ट्र का बीड जिला। महज 5,000 की आबादी वाला ताडसोन्ना गांव। यहीं एक किसान परिवार में 3 जून 1975 को तुकाराम मुंढे का जन्म हुआ। महाराष्ट्र का यह इलाका अक्सर सूखे से परेशान रहता है। कभी खेती के लिए पानी नहीं, पानी रहा तो सिंचाई के लिए बिजली नहीं। ऊपर से परिवार पर पुराना कर्ज।

महज तीसरी क्लास से मुंढे को पढ़ाई के साथ-साथ खेती शुरू करनी पड़ी। वो दिन में अपने पोलियोग्रस्त भाई को कंधे पर बैठाकर बिना चप्पल स्कूल जाते। रात में बिजली आती, तो खेत सींचने उठना पड़ता। साप्ताहिक बाजार में सिर पर सब्जियां लादकर बेचने भी जाते।

यह सिलसिला 10वीं कक्षा तक चलता रहा। मुंढे के बड़े भाई अशोक मुंढे की औरंगाबाद (अब छत्रपति संभाजी नगर) में नौकरी लग गई, तो उन्होंने छोटे भाई को अपने पास ही बुला लिया।

जब मुंढे औरंगाबाद गए तो पहली बार गांव के बाहर की दुनिया देखी। मॉल, थियेटर, फिल्में पहली बार देखी तो चौक गए।

जब मुंढे औरंगाबाद गए तो पहली बार गांव के बाहर की दुनिया देखी। मॉल, थियेटर, फिल्में पहली बार देखी तो चौक गए।

मुंढे ने औरंगाबाद से ही साइंस में 12वीं की। फिर बीए में एडमिशन ले लिया और 1996 में यूनिवर्सिटी टॉपर रहे। भाई ने UPSC की किताबें खरीदने और कोई अच्छी कोचिंग ढूंढने दिल्ली भेज दिया।

मुंढे एक इंटरव्यू में बताते हैं, ‘दिल्ली में 3-4 दिन ठहरना था। मैं किताबें खरीदकर होटल में ठहरा था। वहां अटेंडर ने पूछा, ‘सर बियर लेंगे?’ मैं कहा- क्या तुम्हें बियर लेने वाला लगता हूं? उसी वक्त अपना सारा सामान उठाकर बिना टिकट वापस औरंगाबाद लौट आया।’

मुंढे ने 1997 में UPSC की परीक्षा दी, लेकिन पास नहीं हुए। 1999 में इंटरव्यू तक पहुंचे। बीए में टॉप करने वाले मुंढे एमए में सिर्फ 57% नंबर ला सके। मुंढे ने UPSC का सपना छोड़ा और महाराष्ट्र PSC की परीक्षा पास कर सेकंड क्लास अफसर बन गए।

मुंढे के इस फैसले से भाई अशोक खुश नहीं थे। उन्होंने बात तक करनी बंद कर दी। इसके बाद मुंढे ने वापस UPSC की परीक्षा दी और 2005 में ऑल इंडिया रैंक-20 लेकर आए।

तुकाराम मुंढे ने अपने चौथे प्रयास में UPSC की परीक्षा पास की।

तुकाराम मुंढे ने अपने चौथे प्रयास में UPSC की परीक्षा पास की।

मुंढे बताते हैं, ‘उस साल महाराष्ट्र से 4 लोगों ने IAS की परीक्षा पास की थी। अगले दिन के अखबार में 3 लोगों की फोटो छपी थी। मेरी नहीं छपी थे। मेरे नाम के आगे खाली बॉक्स था। कोई मुझे जानता ही नहीं था।’

तुकाराम मुंढे की पहली पोस्टिंग बतौर असिस्टेंट कलेक्टर सोलापुर में हुई। यहां रेत माफियों पर कार्रवाई की, तो उन पर जानलेवा हमला हो गया। फिर…

  • 2007 में नांदेड़ में अवैध रेत खनन के खिलाफ कार्रवाई की, तो महज 5 महीने में ट्रांसफर हो गया। 2012 में मुंबई सेल्स टैक्स डिपार्टमेंट पहुंचे तो टैक्स चोरों से सरकार के 310 करोड़ रुपए वसूले।
  • नवंबर 2014 में कलेक्टर बनकर सोलापुर लौटे। इस बार पानी के टैंकरों में कम पानी भरकर बेचने वाले वॉटर टैंकर माफियाओं पर कार्रवाई की। 2013-14 में 673 मिलीमीटर बारिश हुई थी। तब 673 पानी के टैंकरों की जरूरत पड़ती थी। 2015-16 में 238 मिलीमीटर बारिश हुई, लेकिन महज 40 टैंकरों की जरूरत पड़ी। इसके बाद उन्हें ‘महाराष्ट्र का वॉटरमैन’ कहा जाने लगा।
  • 2016 में नवी मुंबई पहुंचे, तो ‘वॉक विद कमिश्नर’ मुहिम शुरू की। हर शनिवार-रविवार मुंढे सड़कों पर निकल जाते और आम लोगों की शिकायते सुन तुरंत भ्रष्ट अफसरों को सस्पेंड कर देते। इसी दौरान उन्होंने 20 करोड़ रुपये की संगमरमर की मूर्ति खरीदने और 163 करोड़ रुपये के सोलर प्रोजेक्ट को जनता के पैसे की बर्बादी बताकर रद्द कर दिया। यह पैसा दिव्यांगों के इंफ्रास्ट्रक्चर पर लगाया।
तुकाराम मुंढे को साल 2015-16 में बेस्ट कलेक्टर का अवॉर्ड मिला था।

तुकाराम मुंढे को साल 2015-16 में बेस्ट कलेक्टर का अवॉर्ड मिला था।

  • इसके बाद मुंढे पुणे महानगर परिवहन महामंडल लिमिटेड के चेयरमैन बने। 2018 में सालों से गायब रहने वाले 158 कॉन्ट्रैक्ट ड्राइवरों को एक ही दिन में सस्पेंड कर दिया।
  • 2020 में मुंढे नागपुर के म्यूनिसिपल कमिश्नर बनकर पहुंचे। फिर स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के CEO बने। नेताओं ने उन पर पहले से पास टेंडरों को होल्ड पर डालने के आरोप लगाए। सांसद नितिन गडकरी ने तो उनकी बतौर CEO नियुक्ति पर ही सवाल उठाए और PMO तक शिकायत की।
  • 2022 में मुंडे महाराष्ट्र के हेल्थ केयर कमिश्नर बने, तो सरकारी डॉक्टरों की प्राइवेट प्रैक्टिस बंद करवाई। सैलरी को बायोमेट्रिक अटेंडेंस से लिंक करवाया।

तुकाराम मुंढे के काम करने के इन तरीके से उनके जूनियर अफसरों से लेकर नेता भी परेशान रहते हैं। उन पर काम का दबाव डालने, ड्यूटी के समय से ज्यादा काम करवाने और छुट्टियों के दिन भी काम करवाने के आरोप लगते आए हैं।

2016 में उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव भी आया था। तब मुंबई के एक मेयर सुधाकर सोनवाने ने कहा था, ‘इस कमिश्नर के मन में निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए बिल्कुल सम्मान नहीं है।’

21 साल की सेवा में 25 बार मुंढे का ट्रांसफर हो चुका है। यानी औसतन हर 10 महीने में उन्हें अपना बोरिया-बिस्तर बांधकर दूसरे ठिकाने पर भेज दिया जाता है।

25 मई 2026 में मुंढे को महाराष्ट्र का FDA कमिश्नर बनाया गया। पहले हफ्ते में ही उन्होंने प्रतिबंधित या लो ग्रेड का सामान बेच रहे 50 से ज्यादा ठिकानों पर छापे मारे और 100 लोगों को गिरफ्तार किया। फिर नकली शराब, गुटखा, पान मसाला, नकली मिठाई, नकली पनीर, आइसक्रीम, मानकों का पालन नहीं कर रहे रेस्टोरेंट्स पर छापे मारे…

  • पतंजलि पर चमत्कारी इलाक का दावा करने वाले भ्रामक विज्ञापनों के चलते छापे मारे। 51 लाख रुपए से ज्यादा का सामान जब्त किया।
  • ब्लिंकिट, इंस्टामार्ट और जेप्टो जैसी क्विक कॉमर्स कंपनियों को 86 वेयरहाउसेज की जांच की। कहीं कॉकरोच का इन्फेक्शन मिला। कहीं डिलीवरी करने वालों के पास लाइसेंस नहीं था। कहीं फ्रीजर का टेम्प्रेचर कम था। ऐसे 14 वेयरहाउस के लाइसेंस सस्पेंड किए।
FDA को ब्लिंकिट और जेप्टो के वेयरहाउस में कीड़े, जमीन पर बिखरा सामान और गंदगी मिली।

FDA को ब्लिंकिट और जेप्टो के वेयरहाउस में कीड़े, जमीन पर बिखरा सामान और गंदगी मिली।

  • मुंबई में डोमिनॉज पिज्जा के 4 आउटलेट के लाइसेंस सस्पेंड किए। नूर मोहम्मदी होटल, शालीमार रेस्टोरेंट, के रुस्तम एंड को, जुहू जिमखाना जैसे मुंबई और पुणे के सालों पुराने होटलों और रेस्टोरेंट में छापे मारे।
  • इन तेज तर्रार कार्रवाई के बीच बॉम्बे हाईकोर्ट ने सवाल उठाया कि FDA सिर्फ निजी संस्थानों पर छापेमारी क्यों कर रहा है? कानून का पालन सरकारी परिसरों की कैंटीनों में भी होना चाहिए।
  • फिर क्या… तुकाराम मुंडे ने टीम के साथ हाईकोर्ट की कैंटीन में ही छापा मार दिया। तीन में से दो कैंटीन में गंदगी, कॉकरोच और कीड़े मिले। इनमें से एक कैंटीन के पास FSSAI लाइसेंस भी नहीं था। FDA ने दोनों कैंटीन तुरंत प्रभाव से बंद करवा दी। इसके बाद मंलात्रय और IIT बॉम्बे की कैंटीन की भी जांच हुई।
  • मुंढे ने ऑर्डर जारी किया कि महाराष्ट्र के रेस्टोरेंट कस्टमर से नहीं पूछ सकते कि वे कौन-सा पानी लेंगे। सभी ग्राहकों को साफ और अच्छा पानी देना होगा। बाद में अगर ग्राहक बोतल वाला पानी मांगता है, तब उसे वो दिया जाए।
  • इसी महीने FDA ने महाराष्ट्र में एक साल तक एनालॉग पनीर, यानी बिना डेयरी से बने पनीर के उत्पादन और बिक्री पर बैन लगा दिया है।
  • विमल इलायची का विज्ञापन करने पर बॉलीवुड एक्टर शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को भी नोटिस भेजा गया है। FDA के मुताबिक विज्ञापन में इलायची के नाम पर पान मसाले का प्रमोशन हो रहा है और महाराष्ट्र में तंबाखु उत्पादों के उत्पादन और बिक्री पर बैन है।

मुंढे के कार्यकाल में FDA 1100 से ज्यादा छापे मार चुका है। 3100 से ज्यादा निरीक्षण हुए हैं। 165 लाइसेंस सस्पेंड किए हैं। 50 करोड़ से ज्यादा का माल जब्त कर चुके हैं।

मुंढे ने एक टोल-फ्री नंबर जारी किया है, जिस पर कॉल करके लोग नकली, मिलावटी या प्रतिबंधित खाने की शिकायत कर सकते हैं।

मुंढे ने एक टोल-फ्री नंबर जारी किया है, जिस पर कॉल करके लोग नकली, मिलावटी या प्रतिबंधित खाने की शिकायत कर सकते हैं।

इस बीच बॉम्बे हाईकोर्ट ने FDA पर 5 लाख का जुर्माना भी लगाया है। दरअसल FDA ने जून में पुणे की एक मिठाई दुकान का लाइसेंस सस्पेंड किया था। जुलाई में दोबारा जांच करने पर दुकान 98% नियमों का पालन कर रही थी, लेकिन लाइसेंस सस्पेंशन का आदेश खारिज नहीं किया गया। इस मामले में हाईकोर्ट ने FDA पर फाइन लगाया है।

तुकाराम मुंढे पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते हैं। उनके बड़े भाई अशोक मुंढे डिप्टी कमिश्नर पद से रिटायर हुए हैं। उनके काम के चलते जितने प्रशंसक है, उतने दुश्मन भी। कई बार तो परिवार को तक जान से मारने की धमकियां आ चुकी हैं। लेकिन मुंढे कहते हैं कि उन्हें इनसे फर्क नहीं पड़ता।

तबादलों की चिंता नहीं करते: मुंढे कहते हैं कि तबादले सरकारी सेवा का हिस्सा होते हैं, मैं इसकी चिंता किए बिना अपना काम करता हूं। तबादला बदलाव लाने का एक नया मौका होता है।

नियम के दायरे में रहते हैं: मुंढे कहते हैं, ‘मैं नियमों के दायरे में रहकर काम करता हूं। मैं किसी को नियमों के खिलाफ जाकर काम करने के लिए मजबूर नहीं करता। पहले जो काम नहीं हो रहा था, उसे नियमानुसार शुरू किया गया है।’

मुझे कोई रिश्वत देने की हिम्मत नहीं कर सकता: एक इंटरव्यू में मुंढे से पूछा गया कि क्या आपको कभी रिश्वत देने की कोशिश की गई है? उन्होंने जवाब दिया, ‘मुझे नहीं लगता कि कोई ऐसी हिम्मत करेगा। अगर कोई ऐसा करना चाहता है, तो 100 बार सोच ले।’

न्याय करना ही मकसद: मेरा काम करने का एक ही तरीका है- सही या गलत। अगर कोई चीज सही है तो मैं वो करुंगा। अगर गलत है तो नहीं करुंगा। न्याय करना ही मेरा मकसद है।

****

रिसर्च सहयोग: आदित्य रवि

————

ये खबर भी पढ़िए…

कौन हैं मनन मिश्रा, जिन्होंने चीफ जस्टिस के लिए लॉ स्टूडेंट्स को ‘सजा’ दी, फिर पलटे; क्या ये CJP की दूसरी जीत

हैदराबाद की NALSAR यूनिवर्सिटी के लॉ स्टूडेंट्स ने चीफ जस्टिस को दीक्षांत समारोह में बुलाने का विरोध किया। नाराज होकर बार काउंसिल अध्यक्ष मनन मिश्रा ने पूरे बैच का ही एनरोलमेंट रोक दिया। दबाव की वजह से कुछ ही घंटों में बैन वापस लेना पड़ा। अब खुद चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कोर्ट में लताड़ लगाते हुए कहा- ‘वो कौन होते हैं मेरे और स्टूडेंट्स के बीच दखल देने वाले?’ पूरी खबर पढ़िए…



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *