पंजाब और चंडीगढ़ में आज भी बारिश का अलर्ट:दो जिलों में भारी बारिश के आसार, बठिंडा में तापमान 37.4 डिग्री तक पहुंचा




पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम बदला हुआ है। मंगलवार को चंडीगढ़ में महज दो घंटे में 72.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह इस मानसून सीजन में दो घंटे के दौरान हुई अब तक की सबसे तेज बारिश रही। तेज बारिश के कारण पूरे चंडीगढ़ समेत ट्राइसिटी में जलभराव हो गया। आज 19 अगस्त को भी बारिश का यलो अलर्ट है। पंजाब के दो जिलों पठानकोट और होशियारपुर में भारी बारिश की संभावना है। वहीं, चंडीगढ़ में आसमान में बादल छाए रहेंगे और बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा पंजाब के कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि, 20 अगस्त से अगले पांच दिनों तक मौसम विभाग की ओर से बारिश को लेकर कोई अलर्ट नहीं है। इसके बावजूद इस दौरान बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में 0.1 डिग्री की वृद्वि दर्ज की गई। मंगलवार को पंजाब में सबसे अधिक तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस बठिंडा में दर्ज किया गया। अब जानिए आज कहां होगी बारिश आज पठानकोट और होशियारपुर में कुछ जगहों पर भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने की संभावना है। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, मोगा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। जबकि फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और बठिंडा में इक्का-दुक्का जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस तरह की बनी है मौसम की स्थिति मौसम विभाग के डायरेक्टर सुरेंद्र पाल के मुताबिक पंजाब और चंडीगढ़ के आसपास कई मौसम प्रणालियां सक्रिय हैं। उत्तरी हरियाणा और आसपास के इलाकों में 0.9 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। इसके अलावा मानसून ट्रफ पंजाब के पास से गुजर रही है। वहीं, पंजाब और आसपास के इलाकों में 5.8 किलोमीटर की ऊंचाई पर ऊपरी हवा का चक्रवाती परिसंचरण बना हुआ है। एक ट्रफ पूर्वी उत्तर प्रदेश से गुजरात तक बनी हुई है, जो उत्तर मध्य प्रदेश और दक्षिण-पूर्वी राजस्थान से होकर गुजर रही है। इन मौसम प्रणालियों के कारण पंजाब और चंडीगढ़ में बारिश की गतिविधियां बनी रहने की संभावना हैं। जब एक घंटे में 10 सेंटीमीटर (100 एमएम) से ज्यादा बारिश हो जाए तो इसे क्लाउड बर्स्ट यानी बादल फटना मानते है। मंगलवार को 5 सेंटीमीटर बारिश हुई। इसे मिनी क्लाउड बर्स्ट माना जा सकता है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *