Headlines

995 खिलाड़ियों को 3.80 करोड़ की स्कॉलरशिप:चंडीगढ़ में खेल सम्मान समारोह, 1.20 करोड़ के विशेष पुरस्कार से सम्मानित




पंजाब के राज्यपाल एवं यूटी प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने बुधवार को शहर के 995 उदीयमान खिलाड़ियों को 3.80 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति देकर सम्मानित किया। सेक्टर-18 स्थित टैगोर थिएटर में खेल विभाग की ओर से आयोजित ‘खिलाड़ी खेल सम्मान समारोह’ में खिलाड़ियों को उनकी उपलब्धियों के आधार पर छात्रवृत्ति दी गई। प्रथम स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को 48 हजार, द्वितीय स्थान वालों को 42 हजार और तृतीय स्थान हासिल करने वाले खिलाड़ियों को 36 हजार रुपए दिए गए। समारोह में बेहतरीन खेल प्रदर्शन के लिए माहित संधू को 1.20 करोड़ रुपए के विशेष नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया। 5 हजार से बढ़ाकर 48 हजार हुई सालाना छात्रवृत्ति प्रशासक कटारिया ने कहा कि नई खेल नीति-2023 के तहत खिलाड़ियों की वार्षिक छात्रवृत्ति को 5 हजार रुपए से बढ़ाकर 48 हजार रुपए किया गया है। पिछले दो वर्षों में चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से खिलाड़ियों को करीब 32 करोड़ रुपए की वित्तीय सहायता दी गई है। इसमें 22.12 करोड़ रुपए छात्रवृत्ति और 9.45 करोड़ रुपए पुरस्कार राशि के रूप में दिए गए हैं। ताजा वितरण के बाद कुल छात्रवृत्ति सहायता करीब 26 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। दो साल में 297 से बढ़कर 488 पार पहुंची पदक संख्या कटारिया ने कहा कि खिलाड़ियों को मिल रही आर्थिक सहायता का असर उनके प्रदर्शन में भी दिखाई दे रहा है। पिछले दो वर्षों में चंडीगढ़ की पदक संख्या 297 से बढ़कर 488 के पार पहुंच गई है। उन्होंने संजय, गुरजंत सिंह, काश्वी गौतम, मोहित संधू, इशरूप नारंग, एंजेल यादव, अमनदीप और प्राची समेत कई खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना की। सेक्टर-42 में 200 करोड़ से बनेगा नया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स चंडीगढ़ को स्पोर्ट्स हब के रूप में विकसित करने के लिए प्रशासन की ओर से कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए जा रहे हैं। सेक्टर-42 में करीब 200 करोड़ रुपए की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का मल्टीपर्पज हॉल, ओलंपिक मानक का स्विमिंग पूल और 300 बेड का गर्ल्स हॉस्टल बनाया जाएगा। इसके अलावा सेक्टर-42 के मौजूदा खेल परिसरों और सेक्टर-16 क्रिकेट स्टेडियम का आधुनिकीकरण किया जा रहा है। स्कूली स्तर पर खेल प्रतिभाओं को निखारने के लिए ‘उड़ान-स्कूल वॉलीबॉल कार्यक्रम’ और ‘ओलंपिक वैल्यूज एजुकेशन प्रोग्राम’ (OVEP) भी चलाए जा रहे हैं। खिलाड़ियों को दिलाई नशामुक्ति की शपथ कार्यक्रम के दौरान प्रशासक ने खिलाड़ियों और अधिकारियों को ‘नशा मुक्त भारत’ की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने का सबसे प्रभावी माध्यम हैं। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से अपील की कि बच्चों को पढ़ाई के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए भी प्रोत्साहित करें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *