Headlines

रांची में आज भी छाए रहेंगे बादल:22 से फिर बढ़ेगी मानसून की रफ्तार, सिस्टम कमजोर हुआ, लेकिन नम हवाओं से बारिश जारी




झारखंड में गुरुवार को भी मानसून सक्रिय रहेगा। राजधानी रांची समेत ज्यादातर जिलों में दिनभर बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है। रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में गरज-चमक के साथ बारिश और वज्रपात की आशंका है। मौसम खराब होने पर 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चल सकती है। पिछले 24 घंटे में रामगढ़ के पतरातू में सबसे अधिक 190 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। रांची में बुधवार को अलग-अलग इलाकों में बारिश दर्ज हुई। मौसम विभाग के अनुसार उत्तरी झारखंड और उससे सटे दक्षिण-पश्चिम बिहार के ऊपर बना निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम-उत्तर-पश्चिम की ओर बढ़ने के साथ कमजोर हुआ है, लेकिन बंगाल की खाड़ी से लगातार आ रही नम हवाओं के कारण राज्य में पर्याप्त नमी बनी हुई है। इसी वजह से गुरुवार को भी कई इलाकों में तेज से भारी बारिश हो सकती है। रांची के ओरमांझी में करीब 12.1 मिमी बारिश का अनुमान है। बारिश और बादलों के कारण रांची, खूंटी, गुमला, लोहरदगा और पश्चिमी सिंहभूम के कई हिस्सों में मौसम सुहावना रहेगा। राजधानी में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री और न्यूनतम 23 से 25 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। पांच जिलों में भारी बारिश का यलो अलर्ट मौसम विभाग ने आज गढ़वा, पलामू, लातेहार, लोहरदगा, गुमला और सिमडेगा में भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। दक्षिणी झारखंड और कोल्हान के कई हिस्सों में हाल की भारी बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बनी है। 19 अगस्त को कोल्हान क्षेत्र में बारिश का असर ज्यादा रहा। पश्चिमी सिंहभूम के कई इलाकों में भारी बारिश हुई, जबकि चाईबासा और आसपास के क्षेत्रों में लगातार बारिश जारी रही। बुधवार को लोहरदगा में 18 मिमी और मेदिनीनगर में 4 मिमी बारिश दर्ज की गई। राजधानी में बारिश के आंकड़ों में अलग-अलग रिकॉर्ड में अंतर रहा, लेकिन कुल मिलाकर रांची में मानसून की सामान्य बारिश पूरी हो चुकी है। रांची में अब तक सामान्य से 7% अधिक बारिश दर्ज की गई है। पश्चिमी सिंहभूम में सामान्य से 48%, सिमडेगा में 8%, सरायकेला-खरसावां में 9% और पूर्वी सिंहभूम में 1% अधिक बारिश हुई है। राज्य के सात जिलों में मानसून का सामान्य वर्षा कोटा पूरा हो चुका है। मंगलवार तक छह जिले सामान्य स्तर पर पहुंच गए थे, जबकि बुधवार को लातेहार भी इसमें शामिल हो गया। पूरे झारखंड में अब तक 633.6 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 10% कम है। 22 से 25 अगस्त तक फिर रहेगा बारिश का दौर मौसम विभाग के अनुसार 20 और 21 अगस्त को राज्य में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। इसके बाद 22 अगस्त से बारिश की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। उत्तर-पश्चिमी झारखंड में भारी से बहुत भारी बारिश वाले क्षेत्र बन सकते हैं। 23 अगस्त को उत्तर-पूर्वी और दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में बारिश तेज हो सकती है। 24 और 25 अगस्त को उत्तरी झारखंड में कहीं-कहीं भारी बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान मानसून सक्रिय बना रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और मानसूनी हवाओं के प्रभाव से गुरुवार सुबह बादल छाए रह सकते हैं, हालांकि बाद में कुछ इलाकों में बादल छंटने और धूप निकलने की भी संभावना है। मौसम विशेषज्ञ अभिषेक आनंद के अनुसार सिस्टम कमजोर हुआ है, लेकिन वातावरण में नमी पर्याप्त है, इसलिए बारिश का दौर पूरी तरह खत्म नहीं होगा। किसानों और खुले में काम करने वालों को मौसम खराब होने पर विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। सात जिलों में वज्रपात का है खतरा रांची, खूंटी, गुमला, सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां समेत दक्षिणी झारखंड में वज्रपात का खतरा बना रह सकता है। बिजली चमकने के दौरान खुले मैदान, पेड़ और बिजली के खंभों से दूर रहने की सलाह दी गई है। वहीं रांची का AQI करीब 95 यानी मध्यम श्रेणी में है। यह अच्छा है। 20 अगस्त यानी आज राज्य के कई इलाकों में अधिकतम तापमान करीब 32 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि रांची में 29 से 32 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। कुल मिलाकर 20 से 25 अगस्त तक झारखंड में मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी। कहीं हल्की बौछार तो कहीं तेज बारिश हो सकती है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *