![]()
अजमेर जिले के गोविंदगढ़ निवासी रेखराज ठाड़ा (62) टेलरिंग का काम करते हैं और परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनकी मासिक कमाई करीब 15 हजार रुपए है। ऐसे में 13 अगस्त 2026 को सूरत से आया आयकर विभाग का नोटिस उनके लिए चौंकाने वाला था। नोटिस के मुताबिक रेखराज एक डायमंड कंपनी के डायरेक्टर हैं और उन पर 974 करोड़ 97 लाख 25 हजार 457 रुपए की टैक्स रिकवरी निकाली गई है। रेखराज का कहना है कि उन्होंने न कोई कंपनी चलाई और न ही कभी गुजरात गए। मामले की जानकारी मिलने पर परिजन ने एक परिचित सीए की मदद से रिकॉर्ड की पड़ताल कराई। रेखराज के अनुसार, इसमें सूरत की एक दूसरी कंपनी जय बाबेरी डायम प्राइवेट लिमिटेड में भी उनका नाम डायरेक्टर के तौर पर सामने आया। रेखराज ने पीसांगन थाने में शिकायत दी है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज करने के बजाय परिवाद लिया। इसके बाद वह अजमेर एसपी कार्यालय पहुंचे और एडिशनल एसपी ग्रामीण लालचंद कायल को मामले की जानकारी दी। उन्होंने जांच का आश्वासन देते हुए परिवाद दर्ज कराया। 2011 से रेखराज के नाम से सूरत में कंपनी चल रही, नोटिस भेजा तब मिली जानकारी रेखराज ने बताया कि 13 अगस्त को मिले आयकर विभाग के नोटिस में उन्हें 20 अगस्त तक सूरत पहुंचकर स्पष्टिकरण देने के लिए कहा गया था। उन्होंने नोटिस का जवाब ई-मेल के जरिए भेज दिया है। रेखराज का दावा है कि उनके पैन कार्ड का किसी ने दुरुपयोग कर रूप रजत डायमंड प्राइवेट लिमिटेड का डायरेक्टर बना दिया। उनके अनुसार यह कंपनी 2011 से संचालित बताई गई है, लेकिन उसे इसकी बिल्कुल भी पता नहीं। उसे इसकी जानकारी 13 अगस्त 2026 को मिले आयकर नोटिस से ही हुई। दूसरी डायमंड कंपनी में भी डायरेक्टर के तौर पर नाम रेखराज ने बताया कि पुलिस को परिवाद देने के बाद सीए की मदद से जानकारी जुटाई तो जय बाबेरी डायम प्राइवेट लिमिटेड में भी उनका नाम डायरेक्टर के तौर पर सामने आया। वह मामूली टेलर हैं और कभी गुजरात नहीं गए। नोटिस मिलने के बाद परिवार तनाव में है। रेखराज, उनके दो बेटे और एक भाई मामले की जांच के लिए अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं।
Source link
अजमेर के टेलर के नाम सूरत में डायमंड कंपनी:15 हजार की कमाई, 975 करोड़ के टैक्स का नोटिस मिला, दूसरी डायमंड कंपनी में भी नाम मिला
