![]()
फतेहाबाद जिले के भट्टू क्षेत्र में खाबड़ा रेलवे लाइन पर एक युवक का शव मिला है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, युवक की मौत ट्रेन की चपेट में आने से हुई है। मृतक की पहचान हिसार जिले के आदमपुर क्षेत्र के गांव चूली बागड़ियां निवासी 26 वर्षीय जयवीर के रूप में हुई है। आज सुबह रेलवे कर्मचारी नियमित निरीक्षण कर रहे थे, तभी खाबड़ा फाटक के पास उन्होंने रेलवे ट्रैक पर शव देखा। इसकी सूचना तुरंत रेलवे पुलिस (GRP) और स्थानीय पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पास में खड़ी मिली बाइक, जेब में मिले दस्तावेज घटनास्थल के पास ही मृतक की बाइक खड़ी मिली, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बाइक और जेब में मिले दस्तावेजों के आधार पर युवक की पहचान की गई। पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। पुलिस का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल, फतेहाबाद भिजवाया गया है। फिलहाल इस बात की जांच कर रही है कि युवक रात के समय वहां कैसे पहुंचा और किन परिस्थितियों में यह हादसा हुआ। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
फतेहाबाद में ट्रेन से कटकर युवक की मौत:रेलवे लाइन पर मिला शव, पास खड़ी थी बाइक; हिसार का रहने वाला
