Headlines

अमृतसर में नशा तस्करी पर शिकंजा:तीन मामलों में 5 किलो 569 ग्राम हेरोइन बरामद; सप्लाई नेटवर्क की तलाश जारी




अमृतसर में नशे के खिलाफ पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई है, जिसमें तीन अलग-अलग मामलों में कुल 5 किलो 569 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इन मामलों में पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किए हैं। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों के पास यह हेरोइन कहां से पहुंची थी और इसे आगे किन-किन लोगों तक सप्लाई किया जाना था। तीन मामलों में 5 किलो 569 ग्राम हेरोइन जब्त पहली कार्रवाई लोपोके थाना पुलिस की ओर से गांव वणिके में की गई। पुलिस को सूचना मिली थी कि संदीप सिंह और सोरफ सिंह पाकिस्तान से हेरोइन मंगवाकर पंजाब के अलग-अलग जिलों में सप्लाई करते हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने दोनों को काबू किया और उनके कब्जे से 4 किलो हेरोइन बरामद की। इस मामले में पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर हेरोइन की सप्लाई लाइन और इसके पीछे जुड़े अन्य लोगों के बारे में पता लगाने में जुटी है। दूसरी कार्रवाई घरिंडा थाना क्षेत्र में की गई। पुलिस ने अर्जुन सिंह निवासी बच्चीविंड को गिरफ्तार किया। पुलिस के मुताबिक, अर्जुन सिंह हेरोइन बेचने का काम करता था और एक अज्ञात व्यक्ति को हेरोइन देने के लिए इंतजार कर रहा था। पुलिस ने उसे काबू कर तलाशी ली तो उसके कब्जे से 1 किलो हेरोइन बरामद हुई। वहीं घरिंडा थाना क्षेत्र में ही पुलिस ने एक अन्य कार्रवाई के दौरान वंशदीप सिंह और करनदीप सिंह को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों हेरोइन बेचने का काम करते थे और सप्लाई के लिए डिफेंस नहर अटारी की तरफ से पैदल आ रहे थे। पुलिस ने दोनों को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 569 ग्राम हेरोइन और पैकिंग सामग्री बरामद हुई।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *