![]()
कौमी इंसाफ मोर्चे के आह्वान पर शुक्रवार को पंजाब बंद का फरीदकोट जिले में व्यापक असर देखने को मिला। फरीदकोट शहर के अलावा कोटकपूरा और जैतो में भी अधिकांश बाजार बंद रहे। सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में आवाजाही काफी कम रही। बंद के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। फरीदकोट में विभिन्न सिख संगठनों की ओर से शहर के बाजारों में रोष मार्च निकाला गया। इस दौरान कुछ स्थानों पर खुली दुकानों को भी बंद करवाया गया। प्रदर्शन के दौरान आम आदमी पार्टी के विधायक डिंपी ढिल्लों की न्यू दीप कंपनी की बस को भी प्रदर्शनकारियों ने रोक दिया। सूचना मिलने पर पुलिस प्रशासन मौके पर पहुंचा और स्थिति को संभालते हुए बस को वापस बस स्टैंड भेज दिया। बंद के चलते जिले में ट्रांसपोर्ट सेवाएं भी प्रभावित रहीं। कई यात्रियों को बसों की आवाजाही कम होने के कारण परेशानी का सामना करना पड़ा। हालांकि, पुलिस प्रशासन ने संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए और लगातार स्थिति पर नजर रखी। सिख संगठनों का दावा- आम लोगों का मिला समर्थन सिख संगठनों के नेताओं दलेर सिंह डोड, शरणजीत सिंह सरां और अन्य नेताओं ने कहा कि बंदी सिंहों की रिहाई, भाई जगतार सिंह हवारा को पैरोल देने तथा डिब्रूगढ़ जेल में बंद सांसद अमृतपाल सिंह खालसा सहित अन्य सिख नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर बंद का आह्वान किया गया था। उन्होंने दावा किया कि बंद को आम लोगों का समर्थन मिला। कोटकपूरा में अकाली दल वारिस पंजाब के नेता रछपाल सिंह सोसन के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। जैतो में भी अधिकांश दुकानें बंद रहीं और बाजारों में चहल-पहल कम रही। बंद को देखते हुए जिला पुलिस ने विभिन्न संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। फरीदकोट के एसएसपी गुरबंस सिंह बैंस ने जिले का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और अधिकारियों को अमन-शांति बनाए रखने के निर्देश दिए।
Source link
फरीदकोट में पंजाब बंद का असर, बाजार बंद:सिख संगठनों का रोष मार्च, विधायक की बस रोकी; ट्रांसपोर्ट सेवाएं प्रभावित
